
UP Nikay Chunav Results: नोएडा। उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव के परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यहां की जनता को फ्री की कोई चीज पसंद नहीं है। यहां की जनता दिल्ली और पंजाब की तरह नहीं है कि फ्री में मिल रही किसी भी चीज को आसानी से स्वीकार कर लें। दरअसल, यूपी में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही आम आदमी पार्टी आप ने घोषणा की थी कि यदि यूपी की जनता आप की शहर की सरकार चुनती है तो हाउस टैक्स को हॉफ कर दिया जाएगा और वॉटर टैक्स को माफ कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने यूपी निकाय चुनाव के लिए घोषणा की थी कि यदि आप के प्रत्याशी को निकाय चुनाव में जीत मिली तो हाउस टैक्स हाफ और वाटर टैक्स माफ किया जाएगा। नगर निगम के स्कूल और अस्पतालों का कायाकल्प किया जाएगा। नए पार्क बनेंगे और पुराने सुंदर बनाए जाएंगे। यह चुनावी वादा नहीं केजरीवाल की गारंटी है। लेकिन केजरीवाल की यह गारंटी यूपी की जनता को पसंद नहीं आई।
उत्तर प्रदेश की रामपुर नगर पालिका में ही (आप) की प्रत्याशी सना खानम ने 10958 वोटों से जीत दर्ज की है। इसके अलावा किसी अन्य नगर पालिका अथवा नगर पंचायत पर आप प्रत्याशी द्वारा जीत दर्ज करने की सूचना नहीं है। यही नहीं किसी अन्य निकाय पर आप प्रत्याशी दूसरे और तीसरे स्थान पर भी नजर नहीं आए।