Up Political News : समाजवादी पार्टी को करारा झटका, विधान परिषद प्रत्याशी कीर्ति कोल का पर्चा रद्द
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:01 AM
Lucknow : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (Legislative Council in Uttar Pradesh)के दो सीटों के लिए होने वाले उप-चुनाव में समाजवादी पार्टी को करारा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार कीर्ति कोल का नामांकन पत्र खारिज हो गया है। पर्चा खारिज होने की वजह उनकी उम्र बताई जा रही है। अब भाजपा उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत तय हो गई है।
विधान परिषद सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए कम से कम 30 साल की उम्र होनी चाहिए। कीर्ति कोल ने नामांकन पत्र में अपनी उम्र 28 वर्ष दिखाई थी। रिटर्निंग अफसर ने जांच के बाद मंगलवार को नामांकन पत्र खारिज करने की कार्रवाई की है। भाजपा ने धर्मेंद्र सिंह सैंथवार और निर्मला पासवान को प्रत्याशी बनाया था।
सपा ने अहमद हसन के निधन के बाद खाली हुई सीट पर आदिवासी समुदाय से आने वाली कीर्ति कोल को मैदान में उतारा था। अब पर्चा खारिज होने के बाद बीजेपी के दोनों उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है।
यूपी विधान परिषद के 2 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए आखिरी तारीख सोमवार थी। सोमवार को ही भाजपा के दो उम्मीदवारों और सपा के कीर्ति कोल ने भी अपना नामांकन दाखिल किया था।