UP Political News : भाजपा प्रत्याशी ने मैनपुरी लोकसभा सीट उपचुनाव के लिए नामाकंन दाखिल किया
BJP candidate files nomination for Mainpuri Lok Sabha bypoll
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:59 PM
Mainpuri : मैनपुरी। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने बुधवार को यहां अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
समाजवादी पार्टी (सपा) का गढ़ माने जाने वाली इस सीट पर सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को टक्कर देने के लिए भाजपा ने मंगलवार को पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य को अपना उम्मीदवार बनाया था। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
UP Political News :
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, केंद्रीय मंत्री बी एल वर्मा, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, उत्तर प्रदेश के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सांसद सुब्रत पाठक, राजवीर सिंह आदि पार्टी के वरिष्ठ नेता शाक्य के नामांकन के समय मौजूद थे। शाक्य कभी शिवपाल यादव के करीबी सहयोगी थे, लेकिन इस साल की शुरुआत में वह शिवपाल की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। वह पहले समाजवादी पार्टी (सपा) में थे और बाद में वह शिवपाल यादव की पार्टी प्रसपा से जुड़ गये थे।
नामांकन दाखिल करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि इस बार ईवीएम कम पड़ जाएगी जब भाजपा के मतदाता बटन दबाएंगे और भाजपा सपा से यह सीट छीन लेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेताओं ने काफी सोच-विचार के बाद रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सांसद के यहां से चुने जाने के बाद सभी अवैध अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे और मैनपुरी में गुंडागर्दी का कोई स्थान नहीं होगा।
UP Political News :
सपा द्वारा इस सीट पर शिवपाल सिंह यादव को स्टार प्रचारक बनाए जाने का जिक्र करते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा आजमगढ़ और रामपुर की सीटें सपा से छीन चुकी है और अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव इस सीट को भी बरकरार नहीं रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि मैनपुरी सीट भाजपा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके निरंतर प्रयासों एवं जनता के संपर्क से यह सीट सपा से छीन लेगी और एक नया रिकॉर्ड भी बनाएगी। उन्होंने कहा कि कमल खिलेगा और भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीतेगी । हाल ही में, भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सपा के गढ़ में सेंध लगाई थी और पार्टी मैनपुरी में भी ऐसा ही करने की उम्मीद कर रही है।