
UP Politics News: उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता सूची से मुस्लिम और यादव वोटरों के नाम काटे जाने के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज चुनाव आयोग को वो सबूत सौंपेंगे, जिनसे यह स्पष्ट हो सके विधानसभा चुनाव के दौरान नाम काटे गए थे। अखिलेश यादव आज दिल्ली में यह सबूत सौंपेंगे। उनके साथ सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल भी रहेंगे।
आपको बता दें कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने वर्ष 2022 में यूपी में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में यादव और मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायत की थी। अखिलेश ने यह आरोप भी लगाया था कि जानबूझ कर मुसलमानों और यादवों के वोट काटे गए हैं। इन आरोपों को सिद्ध करने के लिए निर्वाचन आयोग ने अखिलेश यादव को 10 नवंबर को सबूत पेश करने का नोटिस जारी किया था। इसी नोटिस का जवाब देने और निर्वाचन आयोग के सम्मुख सबूत पेश करने के लिए अखिलेश यादव दिल्ली पहुंच रहे हैं। अखिलेश यादव के साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव भी साथ रहेंगे।
सपा विधायक रविदास मल्होत्रा ने मीडिया को बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान हमें कई सूचनाएं मिली थी, कि जो समाजवादी पार्टी के कट्टर वोटर थे, जिनमें मुसलमान, यादव व अन्य पिछड़ी जाति के लोग थे, उनके नाम काट दिए गए। जिसकी सूचना हम लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी। 7 महीने पहले हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में अध्यक्ष ने इस मुद्दे को उठाया था। जिसका संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया था।
आपको बता दें कि चुनाव आयोग के नोटिस के बाद अखिलेश यादव ने अपने सभी विधायकों, प्रत्याशियों और जिला अध्यक्षों को हर विधानसभा सीट से करीब 1000 लोगों के नाम लाने को कहा था। बताया जा रहा है कि अभी तक एक लाख के करीब ऐसे नाम सपा ने जुटाए हैं। आज जब रामगोपाल यादव चुनाव आयोग जाएंगे तो वे सबूत जुटाने के लिए और वक्त मांग सकते हैं।
यह भी पढ़े