
UP politics: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट पर हो रहे उप चुनाव के दौरान प्रसपा के अध्यक्ष और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह ने नया नाम दिया है। उन्होंने जनता से भी आह्वान किया है कि अब अखिलेश को नए नाम से पुकारा जाना चाहिए।
दरअसल, शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव बुधवार को जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में डिंपल यादव के समर्थन में एक संयुक्त सभा आयोजित की। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश को छोटे नेताजी के खिताब से नवाजा। शिवपाल ने कहा कि हम चाहते हैं अखिलेश को लोग छोटे नेताजी कहें। अखिलेश को जनता छोटे नेताजी के नाम से पुकारे।
शिवपाल यादव ने मंच से एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य पर हमला बोला। कहा कि उसने मुझे धोखा दिया है। वह मेरा शिष्य भी नहीं हो सकता है। मैं तो कहूंगा वह चेला बनने लायक भी नहीं। मैं और अखिलेश एक हो गए हैं।
शिवपाल यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को सलाह देते हुए कहा कि अगर कहीं झगड़ा हो रहा हो, तो झगड़ा निपटाने मत जाना, क्योंकि अगर उसमें पड़े तो जेल चले जाओगे। यही नहीं, शिवपाल ने कहा कि अगर पुलिस बुलाए तो भी मत जाना और पुलिस की पकड़ में भी मत आना। शिवपाल ने आगे कहा कि हमारी लड़ाई बीजेपी से नहीं, पूरी सरकार से है। प्रशासन और अधिकारियों से भी है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को गुंडई नहीं करने की सलाह दी। शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कोई गाली भी दे तो उसे बर्दाशत कर लेना, लेकिन पुलिस की पकड़ में मत आना।
आपको बता दें, उत्तर प्रदेश में 3 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। लेकिन सपा और भाजपा ने अपनी पूरी ताकत मैनपुरी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में लगा रखी है। दोनों ही पार्टियां यहां अपनी जीत का दावा कर रही हैं। सपा के लिए यह सीट जहां प्रतिष्ठा वाली सीट हो गई है। वहीं, भाजपा 2024 से पहले यह सीट जीतकर पूरे देश में एक बड़ा संदेश देने की कोशिश में है।