30 हजार करोड़ के आईपीओ से हिलेंगे बाजार, टाटा कैपिटल पर सबकी नजर
भारत
चेतना मंच
06 Oct 2025 12:44 PM
भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बड़ी खबर है। इस हफ्ते करीब 7 कंपनियां अपना आईपीओ (इनीशियल पब्लिक ऑफर) लेकर आ रही हैं जिनसे कुल मिलाकर लगभग 30,000 करोड़ रुपये जुटाए जाने की उम्मीद है। इनमें सबसे बड़ी और चर्चित होगी टाटा समूह की फाइनेंस कंपनी टाटा कैपिटल का आईपीओ जो अकेले लगभग आधे आईपीओ राशि का हिस्सा होगी। IPO 2025
बाजार की उत्सुकता चरम पर
आईपीओ की शुरुआत 6 अक्टूबर से हो रही है और यह साल 2025 का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है। हालांकि, इस बार कंपनियों की संख्या पिछले हफ्तों के मुकाबले थोड़ी कम है लेकिन आईपीओ की कुल वैल्यू ज्यादा होने से बाजार की उत्सुकता चरम पर है।
टाटा कैपिटल का बड़ा आईपीओ
गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) टाटा कैपिटल का आईपीओ 6 अक्टूबर को खुल रहा है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए लगभग 15,512 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। यह पिछले साल अक्टूबर में आए दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता ह्यूंडई के 27,859 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद सबसे बड़ा आईपीओ होगा। टाटा कैपिटल के शेयरों की कीमत 310 से 326 रुपये के बीच रखी गई है। इसमें से 6,846 करोड़ रुपये फ्रेश इश्यू के माध्यम से जुटाए जाएंगे, जबकि टाटा संस और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) मिलकर 8,666 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। इनमें से 4,642 करोड़ रुपये पहले ही एंकर निवेशकों के जरिए जुटाए जा चुके हैं।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स भी ला रही बड़ा आईपीओ
होम अप्लायंसेज निर्माता कंपनी एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स भी शेयर बाजार से लगभग 11,607 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह आईपीओ 7 से 9 अक्टूबर के बीच खुला रहेगा। एलजी के शेयरों की कीमत 1,080 से 1,140 रुपये के बीच रखी गई है। यह आईपीओ ऑफर फॉर सेल के जरिए होगा, यानी मौजूदा निवेशकों के शेयर बेचे जाएंगे।
रुबिकॉन रिसर्च, जो फार्मा क्षेत्र की कंपनी है, 9 अक्टूबर को अपना आईपीओ उतारेगी। कंपनी 1,377 करोड़ रुपये जुटाएगी जिसमें से 500 करोड़ रुपये फ्रेश इश्यू के तहत और 877 करोड़ रुपये ऑफर फॉर सेल के जरिए होंगे। सरकारी बैंक केनरा बैंक के दो सहयोगी संस्थान केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट और केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस भी 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 10 अक्टूबर को आईपीओ लॉन्च करेंगे। अनंतम हाईवे ट्रस्ट एक इनविट (INVIT) के रूप में लगभग 400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रहा है, जिसका प्राइस बैंड 98 से 100 रुपये है। स्टील निर्माता कंपनी मित्तल सेक्शन 7 से 9 अक्टूबर के बीच 52.91 करोड़ रुपये जुटाएगी जिसका प्राइस बैंड 136 से 143 रुपये के बीच होगा। IPO 2025