UPPSC Assistant Professor 2025: 1253 पदों पर 1.14 लाख आवेदन, टफ होगा सेलेक्शन!
भारत
चेतना मंच
15 Oct 2025 05:27 PM
UPPSC Assistant Professor Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस भर्ती में अभ्यर्थियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। आयोग को कुल 1,14,955 आवेदन प्राप्त हुए हैं जबकि पदों की संख्या केवल 1253 है। यानी हर एक पद के लिए करीब 92 उम्मीदवार दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में चयन प्रक्रिया काफी चुनौतीपूर्ण होने वाली है।
28 विषयों में होगी भर्ती, वाणिज्य में सबसे अधिक पद
इस बार भर्ती 28 विषयों में की जा रही है। इनमें सबसे अधिक 157 पद वाणिज्य (Commerce) विषय के हैं। इसके अलावा अंग्रेजी में 92, हिंदी और रसायन विज्ञान में 87-87, गणित, वनस्पति विज्ञान और जंतु विज्ञान में 79-79, राजनीति विज्ञान में 57 और संस्कृत में 56 पद शामिल हैं। आवेदन संशोधन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर 2025 को पूरी हुई, जिसके बाद अब आयोग जल्द ही परीक्षा तिथि और पाठ्यक्रम की घोषणा करेगा।
तीन चरणों में होगा चयन — प्री, मेंस और इंटरव्यू
इस बार आयोग ने चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए तीन चरणों — प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार (Interview) — के आधार पर चयन किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा दो घंटे की होगी, जो 150 अंकों की होगी। इसमें सामान्य अध्ययन के 30 प्रश्न और वैकल्पिक विषय के 90 प्रश्न (गणित विषय के लिए 70 प्रश्न) होंगे। प्रारंभिक परीक्षा में माइनस मार्किंग भी लागू रहेगी।
मुख्य परीक्षा तीन घंटे की होगी जिसमें कुल 20 प्रश्न होंगे। इनमें 10 लघुउत्तरीय प्रश्नों के उत्तर 125 शब्दों में और 10 दीर्घउत्तरीय प्रश्नों के उत्तर 200 शब्दों में लिखने होंगे। इसके बाद 25 अंकों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
ओटीआर की संख्या पहुंची 32 लाख के पार
लोक सेवा आयोग में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिलहाल यह संख्या 32,41,430 तक पहुंच गई है। बीते तीन महीनों में ही करीब 11 लाख नए पंजीकरण हुए हैं। GIC एलटी ग्रेड, GIC प्रवक्ता और अब असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती ने इस संख्या को तेज़ी से बढ़ाया है।
प्रतियोगिता होगी कड़ी, तैयारी शुरू करें
इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिलने के बाद यह स्पष्ट है कि UPPSC Assistant Professor Recruitment 2025 में प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होगी। उम्मीदवारों को अब से ही सिलेबस और परीक्षा पैटर्न के अनुसार रणनीतिक तैयारी शुरू करनी चाहिए ताकि वे प्रारंभिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
Delhi Police Bharti 2025: 1289 पदों पर आवेदन का आखिरी मौका, परीक्षा पैटर्न में नया ट्विस्ट