Patna Student Protest: बिहार की राजधानी पटना बुधवार को उस समय तनाव का केंद्र बन गई जब छात्रों के प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। जेपी गोलंबर और आसपास के इलाकों में हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए।

Patna Student Protest: केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की आंच दिल्ली से होकर देश भर में फैल गई है। धर्मेन्द्र प्रधान को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल तथा जयपुर तक आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन के दौरान बिहार की राजधानी पटना की सडक़ें तो युद्ध का मैदान बन गई हैं। यह समाचार लिखे जाने तक पटना की सडक़ों पर चारों तरफ बवाल मचा हुआ था। इस बवाल को संभालने में बिहार प्रदेश की पुलिस पूरी तरह से नाकाम हो रही है।
छात्रों के आंदोलन ने ले लिया उग्र रूप
आपको बता दें कि बिहार की राजधानी पटना बुधवार को उस समय तनाव का केंद्र बन गई जब छात्रों के प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। जेपी गोलंबर और आसपास के इलाकों में हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग बनी आंदोलन की वजह
जानकारी के अनुसार, छात्र संगठन आइसा (AISA) और अन्य छात्र संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक के मामलों पर सख्त कार्रवाई और दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में राजभवन मार्च निकाल रहे थे। जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। कुछ स्थानों पर पथराव की भी खबरें सामने आईं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
कई इलाकों में यातायात प्रभावित
घटना के कारण पटना के जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और आसपास के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन और उस पर हुई पुलिस कार्रवाई का सीधा असर अब बिहार में भी दिखाई दे रहा है। राजधानी पटना में हुए इस प्रदर्शन ने यह संकेत दिया है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन चुके हैं।
राजनीतिक माहौल भी गरमाया
पटना की घटना के बाद बिहार की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। फिलहाल शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
विज्ञापन