
Uttar Pradesh: बसपा (PSP) में शामिल होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता इमरान मसूद (Imran Masood) ने अपने तेवर दिखाने शुरु कर दिए हैं। उन्होंने सपा के गढ़ संभल में बसपा के एक सम्मेलन को संबोधित किया और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने आजम खां का करियर बर्बाद करके रख दिया है। आजम खां पर हो रही ज्यादती के लिए अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं। कहा कि विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर सपा जीती, उन सीटों पर मुसलमानों के वोट मिले थे, यादवों ने तो सपा को वोट ही नहीं दिए।
संभल में बसपा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए इमरान मसूद ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बसपा 30 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी और बसपा सुप्रीमो मायावती देश की प्रधानमंत्री बनेगी। बसपा नेता ने सम्मेलन में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सिर्फ टोपी लगा कर सुभानल्लाह बोलने से कोई हिंदू ‘मौलाना’ नहीं हो जाता, इसलिए मुस्लिमों का वोट लेकर सियासत करने वाले, हमें धमकाने वाले, हमसे गुलामों की तरह पेश आने वाले लोगों की बातों में न आए, भाजपा से नफरत के लिए मुस्लिम आखिर कब तक इस्तेमाल होते रहेंगे।
बसपा नेता ने मौजूद लोगों को मंच से संबोधित अपने संबोधन में सपा छोड़ने की वजह भी बताई। कहा कि समाजवादी पार्टी में लगातार उन्हें जलील और बेइज्जत किया जा रहा था, अखिलेश यादव पार्टी से जुड़े लोगों तक की मदद के लिए आगे नहीं आ रहे थे जिसकी वजह से उनका अखिलेश यादव से मोह भंग हो गया था, इसलिए उन्होंने पार्टी से किनारा करना ही मुनासिब समझा। बसपा नेता इमरान मसूद ने दावा किया की 2024 के चुनाव में बसपा 30 से अधिक सीटें जीतेगी और बसपा सुप्रीमो मायावती को देश का प्रधानमंत्री बनाएगी।
Read More -