Uttar Pradesh Police Recruitment : खिलाड़ी कोटे में आरक्षी भर्ती 2022 के आवेदकों को लखनऊ जाने की जरूरत नहीं
Applicants of constable recruitment 2022 in player quota need not go to Lucknow
भारत
चेतना मंच
16 Oct 2022 04:01 PM
Lucknow : लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा कुशल खिलाड़ी कोटे में आरक्षी भर्ती 2022 के अभ्यर्थियों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आवेदकों के लिए लखनऊ की बजाए गाजियाबाद की पुलिस लाइन में ही आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई है।
Uttar Pradesh Police Recruitment :
पुलिस भर्ती बोर्ड के सदस्य रिटायर पुलिस महानिरीक्षक आरके चतुर्वेदी ने बताया कि अभी तक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के साथ ही आवेदन प्रपत्र व चालान की मूलप्रति व्यक्तिगत रूप से जमा करने के लिए भर्ती बोर्ड कार्यालय लखनऊ में ही व्यवस्था की गई थी। इससे प्रदेश के दूरस्थ जिलों के अभ्यर्थियों को दिक्कतें हो रही थीं। इसे ध्यान में रखते हुए अब एक नई व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों को लखनऊ तक आने जाने की आवश्यकता नहीं है। वे गाजियाबाद की रिजर्व पुलिस लाइन में आवेदन पत्र व चालान की मूल प्रति जमा कर सकते हैं। बयान में कहा गया है कि शनिवार, रविवार व राजकीय अवकाश को छोड़कर शेष समस्त कार्य दिवसों में 31 अक्टूबर तक सुबह 10 से सायं पांच बजे तक प्रार्थना पत्र जमा किए जाएंगे। श्री चतुर्वेदी ने बताया कि उनकी देखरेख में भर्ती बोर्ड एवं स्थानीय पुलिस के अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है, जो दिनांक 31 अक्टूबर 2022 तक इस कार्य को संपन्न कराएगी।
Uttar Pradesh Police Recruitment :
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश शासन की नीतियों एवं निर्देशों के अधीन उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के 534 पदों पर 22 खेलों के कुशल खिलाड़ियों के कोटे में चयन की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें 355 पुरुष व 199 महिला कुशल खिलाडियों का चयन किया जाना है। इसके लिए आवेदन पत्र दिनांक 31 अक्टूबर 2022 तक जमा किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों द्वारा अब तक किए गए प्रदर्शनों के प्रमाणपत्रों एवं चयन परीक्षण के समय प्रदर्शित किए उनके कौशल एवं निपुणता के आधार पर चयन किया जाएगा।