
Uttar Pradesh news कोयला की कमी से एक ओर जहां यूपी समेत पूरा देश इस समय बिजली उत्पादन के संकट से जूझ रहा है और अमूमन सभी प्रदेशों में विद्युत कटौती की जा रही है, ऐसे में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ईद और अक्षय तृतीया पर बिजली कटौती में राहत प्रदान की है। रविवार को आयोजित एक बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ईद उल फितर और अक्षय तृतीया पर बिना वजह बिजली की कटौती न की जाए।
आपको बता दें कि आगामी 3 मई को जहां ईद पर्व मनाया जाएगा, वहीं इसी दिन परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया पर्व भी मनाए जाएंगे। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि अक्षय तृतीया, परशुराम जयंती और ईद के अवसर पर प्रदेश में बिजली आपूर्ति सुचारू रखें। कहीं पर भी अनावश्यक कटौती न हो। इसके साथ ही स्वच्छता, पेयजल आदि के प्रबंध किए जाने के भी निर्देश दिए।
सीएम योगी ने मुख्यमंत्री योगी ने बैठक में बताया कि उनकी दिल्ली यात्रा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही ऊर्जा मंत्री और रेल मंत्री के साथ बिजली आपूर्ति के संबंध में सकारात्मक बातचीत हुई। तीनों मंत्रियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। कोयले की ढुलाई के लिए रेलवे हमें अतिरिक्त रैक देने जा जा रहा है तो भारत सरकार से अतिरिक्त बिजली भी प्राप्त होगी। इस दौरान भी रोस्टर के अनुरूप निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए समुचित प्रबंध किए जाएं। सीएम ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और रोस्टर के अनुरूप बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।
मुख्यमंत्री योगी ने बैठक में यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि एक भी उपभोक्ता को गलत बिजली बिल नहीं मिलना चाहिए। सभी को समय से बिल मिल जाए। इस दौरान भी ओवर बिलिंग या देरी से बिल दिया जाना उपभोक्ता को परेशान तो करता ही है, व्यवस्था के प्रति निराश भी करती है और वह बिल जमा करने के प्रति उत्साहित नहीं होता। ऐसे में समय से बिल और सही बिल दिया जाना सुनिश्चित करें। इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की जरूरत है।
सीएम ने कहा कि बिजली आपूर्ति होती रहे, इसके लिए बिल का भुगतान जरूरी है। बिजली का उपभोग करने वाले हर उपभोक्ता की यह जिम्मेदारी है कि वह समय से बिजली बिल का भुगतान करे।