Uttarakhand News : उत्तरकाशी में भूस्खलन, मप्र के चार श्रद्धालुओं की मौत, धामी ने दी यात्रा से बचने की सलाह
Landslide in Uttarkashi, four devotees of MP died, Dhami advised to avoid the journey
भारत
चेतना मंच
11 Jul 2023 06:21 PM
उत्तरकाशी (उत्तराखंड)। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र के गंगनानी में भारी बारिश के दौरान हुए भूस्खलन के मलबे में तीन वाहन दब गए। इससे उसमें सवार मध्य प्रदेश के चार श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गयी और सात घायल हो गए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचने का अनुरोध किया है।
Uttarakhand News
बारिश के दौरान हुआ भूस्खलन
भटवाड़ी के उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने बताया कि सोमवार रात गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी पुल के पास पहाड़ी से अचानक हुए भूस्खलन और फिर पत्थर गिरने से तीन वाहन मलबे की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना स्थल पर स्थानीय लोग और सीमा सड़क संगठन के कर्मी भी राहत कार्य में जुट गए।
तीन शव बरामद, एक के शव मलवे से निकालने की कोशिश
चौहान ने बताया कि मौके पर चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी, जिनमें से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक के शव को भी बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना में सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर है। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश एवं पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। सीमा सड़क संगठन द्वारा राजमार्ग से मलबा हटाकर उस पर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।
Uttarakhand News
तीन वाहनों में सवार थे 31 तीर्थयात्री
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि मलबे की जद में आये तीन वाहनों में कुल 31 तीर्थयात्री सवार थे। वे गंगोत्री धाम के दर्शन कर वापस आ रहे थे। उत्तरकाशी जिला आपदा परिचालन केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल जिले में लगातार हो रही वर्षा के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाडी से आगे कैप्टन ब्रिज, हेल्गूगाड, सुनगर, गंगनानी, सुक्खी नाला, हर्षिल के पास यातायात भूस्खलन की वजह से बाधित है।
सड़कें बंद होने से राहत कार्य में बाधा
सूत्रों के अनुसार, सड़कों के बंद होने के कारण रात के समय बचाव दलों को राहत कार्य में परेशानी हुई। मंगलवार सुबह सीमा सड़क संगठन द्वारा राजमार्ग पर भटवाड़ी और गंगनानी के बीच रास्ता बनाने के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जा सका।
अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
मुख्यमंत्री धामी ने एक ट्वीट में कहा कि जिला प्रशासन व एसडीआरएफ द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को समुचित उपचार प्रदान किया जा रहा है। धामी ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने का भी अनुरोध किया। समस्त देवतुल्य जनता से मेरा अनुरोध है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
#uttarakhandnews #Landslide #uttarkashi