Uttarakhand News : 15 जून तक मुसलमानों को पुरोला छोड़ने की धमकी
Muslims threatened to leave Purola by June 15
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:51 AM
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के पुरोला में एक नाबालिग लड़की के अपहरण की कोशिश के बाद शहर में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है।
अपहरण की नाकाम कोशिश के बाद तनाव
जानकारी के मुताबिक एक मुस्लिम समेत दो व्यक्तियों ने 26 मई को एक हिंदू लड़की को अगवा करने की कोशिश की। लेकिन, स्थानीय लोगों ने उसे विफल कर दिया था। उसके बाद अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की दुकानों के शटर पर आपत्तिजनक पोस्टर चिपकाए गए। उसमें उन्हें तत्काल शहर से चले जाने की धमकी दी गयी थी।
Uttarakhand News
कम नहीं हो रहा शहर में तनाव
उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर प्रोविंसियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) की एक टुकड़ी तैनात की गयी है। अपहरण की कोशिश की घटना के करीब दो सप्ताह बाद भी शहर में तनाव कम नहीं हुआ है। मुसलमानों की करीब 40 दुकानें अब भी बंद हैं।
शटर पर चिपकाये गए धमकी भरे पोस्टर
रविवार शाम को चिपकाये गये पोस्टर में दुकानदारों से 15 जून की महापंचायत से पहले पुरोला छोड़ देने, अन्यथा दुष्परिणाम भुगतने की धमकी दी गयी है। देवभूमि रक्षा अभियान ने यह महापंचायत बुलायी है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टर हटा दिये हैं और वह उन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने अशांति पैदा करने के लिए पोस्टर लगाये।
Uttarakhand News
पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हिंदू संगठन, कई जिलों में प्रदर्शन
पुरोला, बारकोट और चिनयालियासौर समेत उत्तरकाशी जिले की गंगा एवं यमुना घाटियों के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शनकारी ने अपहरण के प्रयास की घटना को लव जिहाद बताया। इस प्रदर्शन की अगुवाई विश्व हिंदू परिषद एवं हिंदू जागृति मंच जैसे कट्टरपंथी संगठनों ने की, जिसमें स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आये रेहड़ी पटरी वाले मुस्लिम दुकानदार ही इस अपहरण प्रयास एवं अतीत की ऐसी अन्य घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं। लड़की को मुक्त करा लिया गया और आरोपियों पर बाल यौन अपराध संरक्षण कानून की धाराएं लगायी गयीं। उन्हें जेल भेज दिया गया। लेकिन, इस कार्रवाई से प्रदर्शनकारी संतुष्ट नहीं हैं। वे नियमित रूप से शहरों में प्रदर्शन कर रहे हैं।
बाहरी लोगों को मकान किराये पर न देने की अपील
उत्तरकाशी जिला पंचायत के अध्यक्ष दीपक बिजालवान ने मकान मालिकों से अपना मकान बाहर के लोगों को किराये पर नहीं देने की भी अपील की है। स्थानीय व्यापारिक संगठनों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए उन्होंने यह भी कहा कि जिला पंचायत राज्य के बाहर से आये रेहड़ी पटरी वाले दुकानदारों को अपना धंधा नहीं करने देगी।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।