Uttarakhand: PM मोदी का कांग्रेस पर निशाना, कहा- उत्तराखंड को विकास से वंचित रखा गया
भारत
RP Raghuvanshi
30 Dec 2021 10:16 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Dec 2021 10:16 PM
हल्द्वानी/नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार को उत्तराखंड (Uttarakhand) में 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 6 परियोजनाओं का उद्घाटन और लखवाड़ बहुउद्देश्यीय परियोजना सहित 17 परियोजनाओं का शिलान्यास किया है. इन परियोजनाओं की कुल लागत 3,400 करोड़ रुपये है. पीएम मोदी ने कार्यक्रम के बाद जनसभा को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा उत्तराखंड को विकास से वंचित रखा गया था. कांग्रेस ने उत्तराखंड की महत्वपूर्ण योजनाओं को भी लंबित रखा, जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ा.
पीएम मोदी ने कहा कि वहीं दूसरी ओर राज्य (Uttarakhand) के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है ताकि राज्य के सामर्थ्य का सदुपयोग करते हुए इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाया जा सके. पीएम मोदी ने उत्तराखंड की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, 'वैसे आज जब जनता जनार्दन इन लोगों की सच्चाई जान चुकी है, तो इन लोगों ने एक नई दुकान खोल रखी है. वो दुकान है- अफवाह फैलाने की. अफवाह बनाओ,फिर उसे प्रवाहित करो और उसी अफवाह को सच मानकर दिनरात चिल्लाते रहो.'
उन्होंने कहा, 'उत्तराखंड (Uttarakhand) अपनी स्थापना के 20 साल पूरे कर चुका है. इन वर्षों में आपने ऐसे भी सरकार चलाने वाले देखे हैं जो कहते थे- चाहे उत्तराखंड को लूट लो, मेरी सरकार बचा लो. इन लोगों ने दोनों हाथों से उत्तराखंड को लूटा. जिन्हें उत्तराखंड से प्यार हो, वो ऐसा सोच भी नहीं सकते.'
उन्होंने कहा, 'विकास योजनाओं को 4 दशक तक लटकाया गया. पहले की असुविधा और अभाव को अब सुविधा और सद्भाव में बदला जा रहा है. उन्होंने आपको मूल सुविधाओं का अभाव दिया, हम हर वर्ग हर क्षेत्र तक शत प्रतिशत बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाने के लिए दिनरात एक कर रहे हैं.'
पीएम मोदी ने कहा, 'विकास परियोजनाओं में बाधा डालने के लिए यह उन लोगों का स्थायी ट्रेडमार्क रहा है जो पहले सरकार में थे. आज शुरू हुई लखवार परियोजना का वही इतिहास है, जिसके बारे में पहली बार 1976 में सोचा गया था. आज 46 साल बाद हमारी सरकार ने इसके काम की आधारशिला रखी है.' रैली में उन्होंने कहा, 'मेरा 7 साल का रिकॉर्ड देख लीजिए. खोज खोज कर ऐसी पुरानी चीजों को ठीक करने में ही मेरा समय जा रहा है. अब मैं काम को ठीक कर रहा हूं, आप उनकों ठीक कीजिये.'