Uttarakhand Political News : उत्तराखंड में बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत
Pushkar Singh Dhami
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:08 AM
आरपी रघुवंशी
Uttarakhand Political News : साल, 2024 में प्रस्तावित आम चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी सक्रिय हो गई है। वह हर राज्य में अपने माफिक नेताओं को तैनात करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसमें जातीय गणित भी बेहद अहम है। पार्टी फिलहाल उत्तराखंड सरकार के मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करने की योजना बना रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दिल्ली तलब किया गया है। बताया जाता है कि वह मंगलवार से ही नई दिल्ली में हैं।
उत्तराखंड राज्य बीजेपी के लिए बेहद अहम है। वहां पार्टी की अच्छी पकड़ है। यही कारण है कि एक नया इतिहास बनाते हुए बीजेपी ने राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता पर कब्जा किया। इससे पहले उत्तराखंड की जनता हर पांच साल में सरकार बदलने का उपक्रम अपनाती थी। कुछ माह पहले हुए चुनाव में भाजपा की लगातार दूसरी जीत से पार्टी बेहद उत्साहित है, लेकिन वह इस बात को लेकर चिंतित भी है कि कहीं, कुछ गड़बड़ न हो जाए, जिससे राज्य के मतदाताओं पर उसकी पकड़ ढीली पड़ जाए। उसे इस बात का भी डर सता रहा है कि जरा सी चूक का फायदा विपक्षी को ही मिलेगा।
Uttarakhand Political News :
बीजेपी ने पहले कांग्रेस मुक्त देश का नारा दिया था। मौजूदा समय में वह विपक्ष मुक्त सत्ता की कवायद में जुटी है। उसका पूरा फोकस इस बात पर है कि वह विपक्षी दलों के विधायकों को अपने पाले में करके विपक्ष मुक्त सरकार बना ले। कई राज्यों में उसका यह प्रयोग सफल हो चुका है। अपनी पिछली कामयाबी से उत्साहित बीजेपी अब दोगुने उत्साह से इस रास्ते पर चल पड़ी है।
विपक्ष मुक्त शासन के रास्ते पर चलने की योजना भारतीय लोकतंत्र के लिए मुफीद नहीं है। सियासत के जानकार इसे लोकतंत्र की हत्या तक करार दे चुके हैं। कुछ विपक्षी ने तो यहां तक आरोप लगाया कि जीएसटी से मिलने वाले धन से बीजेपी सरकार दो काम कर रही है। पहला अपने कारपोरेट मित्रों के कर्ज माफ कर रही है और दूसरा विपक्षी दलों के विधायकों को खरीदकर सत्ता पर काबिज हो रही है। लेकिन, इन आरोपों से बेपरवाह भाजपा अपने रास्ते पर चल रही है। उसकी कोशिश है कि जिन राज्यों में उसकी सत्ता है, उसे आगे भी बनाए रखा जाए और दूसरा, जिन राज्यों में उसकी सत्ता नहीं है, वहां किसी भी तरह सत्ता हथिया ली जाए।
मौजूदा समय में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा भी भाजपा के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि उत्तराखंड राज्य मंत्रिमंडल में बडे़ उलटफेर के पीछे भी भाजपा की इसी चिंता को माना जा रहा है। फिलहाल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। बताया जाता है कि हाईकमान के आदेश पर वह राज्य के सभी मंत्रियों , विधायकों की सूची और उनकी गोपनीय रिपोर्ट के साथ आए हैं। उम्मीद जताई जा रही है अतिशीघ्र ही उत्तराखंड में कुछ बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।