
Uttarkashi Tunnel Rescue : उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित सिलक्यारा टनल में फंसे सभी 41 मजदूरों को पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकालने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। एनडीआरएफ की टीम सुरंग में डाले गए पाइप के अंदर रैंप बनाने के लिए घुस चुकी है। रैंप के बनते ही अंदर फंसे मजूदरों को एक एक करके बाहर निकाला जाएगा। तीन से चार फेस के अंदर संभलकर रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। सुरंग के अंदर मजदूरों के लिए बैड लगाए गए हैं तथा मेडिकल टीम के साथ सभी दवाईयां व मेडिकल उपकरण मौजूद हैं।
रेस्क्यू आपरेशन की निगरानी के लिए खुद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह भी मौजूद हैं। मजदूरों के स्वागत के लिए फूल मालाएं मंगाई गई हैं। रेस्क्यू टीम में अधिकारियों का कहना है कि रैंप बनते ही सुरक्षित तरीके से मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा।
इस आपरेशन के लिए डॉक्टर, एंबुलेंस और गंभीर मजदूरों को हॉयर सेंटर पहुंचाने के लिए हैलीकाप्टर भी मौके पर मौजूद है। संभावना जताई जा रही है कि अब से कुछ ही घंटों में मजदूरों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मजदूरों के सुरंग से सुरक्षित बाहर आने का इंतजार पूरा देश कर रहा है।
वहीं सुरंग के बाहर मौजूद ग्रामीण बाबा बौख नाग जी से मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
इस खबर पर लगातार अपडेट जारी है...