Vande Bharat Train : हादसे के बाद फिर लौटी वंदेभारत, अब ट्रैक की फेंसिंग करेगा रेलवे
Vande Bharat returned after the accident, now railway will fencing the track
भारत
चेतना मंच
07 Oct 2022 05:39 PM
Vande Bharat Train :अहमदाबाद। एक हादसे में क्षतिग्रस्त हुई वंदेभारत एक बार फिर रफ्तार भरने को तैयार है। छह अक्टूबर को एक भैंसे से टकराने से इंजन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। उस हादसे के बाद रेलवे ने अब ट्रैक की फेंसिंग कराने का फैसला किया है, जिससे भविष्य में इस तरह के घटनाओं को रोका जा सके।
Vande Bharat Train :
मुंबई सेंट्रल से गांधीनगर तक जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस 6 अक्टूबर की सुबह वटवा-मणिनगर स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस प्रीमियम ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा टक्कर के कारण टूट गया था। हालांकि, हादसे के एक दिन बाद मुंबई-गांधीनगर वंदेभारत एक्सप्रेस रिपेयर होकर फिर से पटरी पर लौट आई है। इसके अगले भाग को मुंबई सेंट्रल रेलवे के कोचिंग केयर सेंटर में ठीक कर दिया गया है। रेलवे के सीपीआरओ सुमित ठाकुर ने शुक्रवार को बताया कि ट्रेन का सिर्फ अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था, इसके किसी फंक्शनल पार्ट को नुकसान नहीं पहुंचा था।
सीपीआरओ ने बताया कि ग्रामीणों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने मवेशियों को ट्रैक के पास न छोड़ें। पश्चिम रेलवे गांधीनगर-अहमदाबाद खंड पर ट्रेन की गति बढ़ाकर 160 किलोमीटर प्रति घंटे करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बाड़ लगाने का काम किया जाएगा।
देश में यह तीसरी वंदेभारत ट्रेन है, जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर को उद्घाटन किया था। इससे पहले नई दिल्ली-वाराणसी व नई दिल्ली-माता वैष्णो देवी कटरा के बीच दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही थीं। यह ट्रेन गांधीनगर से अहमदाबाद होते हुए मुंबई सेंट्रल तक जाती है, फिर इसी रूट से होकर गांधीनगर वापस आती है। रेलवे बोर्ड देशभर में 400 सेमी हाई स्पीड वंदेभारत ट्रेनों को चलाने की तैयारी कर रहा है। पीएम मोदी ने पिछले साल 15 अगस्त को लाल किले से ऐलान किया था कि साल 2023 तक देश में 75 वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जाएंगी।