
Varanasi News: मुलाकातियों की मुहर अपने हाथ पर लगाकर जिला जेल से एक बंदी के भागने का मामला सामने आया है। उसके खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, एनडीपीएस व चोरी के चार मामले दर्ज हैं। उसे लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गत 9 फरवरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
लालपुर निवासी राजू सिंह नामक बंदी की तलाश में जहां पुलिस दबिश दे रही है। आज जिला जेल पर मुलाकातियों की संख्या अधिक थी। बंदियों से उनके जानने वालों व स्वजन की मुलाकात चल रही थी। इस बीच भीड़ का लाभ उठाकर मुलाकातियों की मुहर हाथ पर लगाया और जेल कर्मियों को चकमा देकर वह फरार हो गया।
खास बात यह रही कि फरार होने के बाद पाक्सो एक्ट का मामला दर्ज कराने वाली वादिनी के घर पर जाकर उसे धमकी दी। पीड़िता के द्वारा अर्दली बाजार चौकी पर पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी गई तब जाकर बंदी के फरार होने के मामले का पता चला। थाना प्रभारी पंकज कुमार अम्बष्ट ने बताया कि आरोपित राजू को दुष्कर्म, मारपीट, धमकी, पाक्सो एक्ट व आइटी एक्ट के आरोपों के तहत नौ फरवरी को सर्किट हाउस के पास से गिरफ्तार किया गया था।
आपको बता दें कि आरोपी ने कुछ दिन पहले कचहरी में पेशी के दौरान भी उसने भागने का प्रयास किया था लेकिन अधिवक्ताओं ने उसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। बंदी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जेल अधीक्षक अरुण सक्सेना ने बताया कि बंदी को बैरक नंबर एक में रखा गया था। मुलाकात के दौरान दोपहर वह अपने हाथ में मुलाकातियों की मुहर लगाकर फरार हो गया।