
Vidhan Sabha Chunav Results 2023: पांच राज्यों में नवंबर माह में हुए विधानसभा चुनाव में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा लगातार बढ़त बनाए हुए है। भाजपा के कई उम्मीदवारों ने तीनों राज्यों में जीत हासिल कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी चुनाव जीत चुकी हैं। वहीं राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी झोलवाड़ा सीट से जीत हासिल कर ली है। तेलंगाना में कांग्रेस ने लाज बचा ली है और सबसे आगे चल रही है।
आपको बता दें कि विगत 7 नवंबर से 30 नवंबर तक इन पांच राज्यों में चुनाव हुआ था। रविवार को मध्य प्रदेेश, छत्तीसगढ, राजस्थान और तेलंगाना के चुनाव परिणाम सामने आ रहे हैं, जबकि मिजोरम के चुनाव परिणाम 4 दिसंबर को जारी होंगे।
छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश के रुझानों में भाजपा बहुमत का आकड़ा पार कर चुकी है। इन तीनों राज्यों में जीत का जश्न मनाने के लिए भाजपा मुख्यालय पर तैयारी की जा रही है। खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार की देर शाम को पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
आपको बता दें कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में 16 करोड़ से ज्यादा लोगों ने मतदान किया था। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल अगले साल जनवरी में समाप्त हो रहा है, जबकि मिजोरम का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो रहा है।