विजय की रैली में मातम, भगदड़ में 38 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
भारत
RP Raghuvanshi
28 Sep 2025 12:53 AM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Sep 2025 12:53 AM
तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया जब अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख थलपति विजय की रैली के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। अब तक 38 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 50 से अधिक लोग घायल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। Vijay Rally
बेकाबू हुई भीड़
यह घटना उस समय हुई जब विजय मंच से अपने भाषण के जरिए लोगों को संबोधित कर रहे थे। भारी भीड़ के बीच अव्यवस्था फैल गई और भगदड़ मच गई। विजय ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत भाषण रोक दिया कार्यकर्ताओं से पानी की बोतलें बांटने और एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाने की अपील की। इस अफरा-तफरी के बीच एक 9 साल की बच्ची भी लापता हो गई जिसे खोजने के लिए विजय ने स्वयं लोगों से मदद मांगी। पुलिस और आयोजक तुरंत सक्रिय हुए और बेहोश लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताया है। उन्होंने तुरंत घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी घायल को इलाज के लिए पैसे नहीं देने पड़ेंगे। करूर के डीएमके विधायक सेंथिल बालाजी ने जानकारी दी कि सभी डॉक्टर ड्यूटी पर हैं और अन्य जिलों से भी मेडिकल स्टाफ बुलाया गया है। स्टालिन ने करूर, तिरुचिरापल्ली और अन्य आसपास के जिलों के अधिकारियों से संपर्क कर हालात पर काबू पाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस के शीर्ष अधिकारियों को भी स्थिति पर नजर बनाए रखने और सहायता पहुंचाने को कहा गया है।
न्यायिक जांच आयोग का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने सेवानिवृत्त हाई कोर्ट जज अरुणा जगदीसन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित करने का निर्णय लिया है। यह आयोग हादसे के कारणों की गहराई से जांच करेगा और सरकार को रिपोर्ट सौंपेगा। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है जबकि अस्पतालों में इलाज करा रहे घायलों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह रैली विजय की आगामी 2026 विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा थी। अपने भाषण में विजय ने दावा किया कि, "तमिलनाडु की राजनीति में अगले 6 महीनों में बदलाव होगा।" उनके इस बयान को राज्य की राजनीति में बड़ी हलचल के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। सीएम स्टालिन ने जनता से डॉक्टरों और पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की है ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए। Vijay Rally