बाज नहीं आ रहे हैं भाजपा के नेता, उप मुख्यमंत्री ने कर दिया सेना का अपमान
Vijay Shah
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:38 PM
Vijay Shah : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। भाजपा (BJP) के मंत्री विजय शाह (Vijay Shah) ने देश की लाड़ली बेटी सोफिया कुरैशी (Sofia Qureshi) का घोर अपमान किया था। वह मामला अभी तक शांत भी नहीं हुआ कि भाजपा की सरकार में उप मुख्यमंत्री के पद पर तैनात एक उपमुख्यमंत्री ने देश की सेना (Indian Army) का अपमान कर दिया है। भाजपा के मंत्री विजय शाह के बाद उप मुख्यमंत्री की विवादित टिप्पणी बड़ा मुद्दा बन गई है। उधर पूरा देश सवाल कर रहा है कि विजय शाह के पास ऐसी कौन सी ताकत है जिसके कारण पूरी भाजपा विजय शाह के साथ खड़ी हो गई है। अपराधिक धाराओं में FIR दर्ज होने के बाद भी विजय शाह भाजपा की सरकार में मंत्री बना हुआ है।
विजय शाह के बाद उप मुख्यमंत्री के बिगड़े बोल
विजय शाह का मामला चल ही रहा है कि भाजपा की सरकार में उपमुख्यमंत्री के पद पर तैनात एक और भाजपा नेता के बोल बिगड़ गए। भाजपा का यह नेता भी विजय शाह की तरह से ही मध्य प्रदेश का नेता है। मध्य प्रदेश की सरकार में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विवादित बयान ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया। जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा, "पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।" देवड़ा ने भावुक अंदाज में कहा, "मन में बहुत क्रोध था कि जो पर्यटक गए थे, उनका धर्म पूछकर चुन-चुनकर मारा गया। महिलाओं को एक तरफ खड़ा करके, उनके सामने गोली मारी गई। बच्चों के सामने गोली मारी गई। उस दिन से पूरे देश के दिमाग में तनाव था कि जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा, जब तक उन लोगों को नहीं मारा जाएगा जिन्होंने माताओं के सिंदूर को मिटाने का काम किया, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।" डिप्टी सीएम ने आगे कहा, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को हम धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, देश की सेना, सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए कम है।''
इसे भी पढ़े...
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री की प्रशंसा की, लेकिन उनके बयान में सेना को 'प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक' बताने पर विवाद खड़ा हो गया। अब इसे सेना का अपमान बताते हुए विपक्ष ने तीखी आलोचना शुरू कर दी है। कांग्रेस ने इस बयान को सेना का अपमान करार दिया है। पार्टी की ओर से 'X' पर लिखा, ''देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं' ये बात मध्य प्रदेश की BJP सरकार के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कही है। जगदीश देवड़ा का यह बयान बेहद ही घटिया और शर्मनाक है। ये सेना के शौर्य और पराक्रम का अपमान है। जब पूरा देश आज सेना के सामने नतमस्तक है, उस वक़्त हमारी जांबाज सेना के लिए BJP के नेता अपनी घटिया सोच जाहिर कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने मांग की है कि BJP और जगदीश देवड़ा को माफी मांगनी चाहिए। इन्हें पद से बर्खास्त करना चाहिए।''
विजय शाह के साथ खड़ी हुई नजर आ रही है पूरी भाजपा
देश की लाड़ली बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान करने वाला भाजपा का मंत्री विजय शाह अभी तक मंत्री पद पर तैनात है। विजय शाह के कारण देश भर में भाजपा की खूब आलोचना हो रही है। इतना ही नहीं भारत के दुश्मन देश पाकिस्तान का मीडिया विजय शाह के बयान का इस्तेमाल दुनिया में यह प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए कर रहा है कि भारत में अल्पसंख्यकों को मुख्य धारा से दूर धकेला जा रहा है। चौतरफा घिरे जनजातीय मामलों से संबंधित विभाग के मंत्री विजय शाह ने विवाद बढ़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मध्य प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात के बाद माफी भी मांग ली थी। संकेत यह है कि पूरी भाजपा विजय शाह के साथ खड़ी हुई है। सवाल यह उठता है कि विजय शाह में भाजपा को ऐसा क्या नजर आ रहा है कि उसे मंत्री पद से नहीं हटा रही है।
विश्लेषकों ने बताया कि विजय शाह को लेकर क्या है भाजपा की मजबूरी?
राजनीतिक विश्लेषकों ने बताया है कि, दरअसल विजय शाह लगातार आठ बार के विधायक हैं। आदिवासी समाज से आने वाले विजय शाह अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हरसूद सीट से 2018 में भी चुनकर पहुंचे थे, जब एसटी सीटों पर बीजेपी का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था। खंडवा के जंगली इलाके से सत्ता के गलियारों में मंत्री पद तक पहुंचे विजय शाह सूबे में बीजेपी के सत्ता में आने के भी पहले से विधायक हैं। आदिवासी समाज के बीच बीजेपी की सियासी जमीन मजबूत करने के लिए भी शाह को क्रेडिट दिया जाता है। विश्लेषकों का कहना है कि मध्य प्रदेश के कुल मतदाताओं में से करीब 22 फीसदी भागीदारी आदिवासी समाज की हैं। आदिवासी समाज के लिए आरक्षित सीटों की बात करें तो 47 सीटें एसटी आरक्षित हैं। 230 सदस्यों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा की करीब 90 सीटें ऐसी हैं, जहां जीत-हार तय करने में आदिवासी मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। कहा जाता है कि मध्य प्रदेश की सत्ता की तस्वीर आदिवासी मतदाताओं के रुख पर निर्भर करती है और यह पिछले दो विधानसभा चुनावों के नतीजों से भी साबित होता है। साल 2013 के विधानसभा चुनाव में 47 में 31 एसटी सीटें जीतने वाली बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रही, वहीं 2018 में कांग्रेस 30 एसटी सीटें जीत सत्ता का सूखा समाप्त कराने में। बीजेपी नहीं चाहेगी कि विजय शाह जैसे बड़े आदिवासी नेता पर एक्शन से आदिवासी समाज के बीच कोई गलत संदेश जाए और पार्टी को नुकसान उठाना पड़े। एमपी बीजेपी की हाल में हुई बैठक में भी वरिष्ठ नेताओं ने यही चिंता व्यक्त की।
हिन्दू बनाम मुस्लिम के बीच विजय शाह के साथ है भाजपा
विश्लेषक बोल रहे हैं कि विजय शाह के बयान से बीजेपी नेतृत्व नाराज है। मुख्यमंत्री मोहन यादव से लेकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा तक उन्हें तलब कर चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनकी रिपोर्ट तलब कर चुके हैं। बीजेपी नेताओं की टीम कर्नल सोफिया के घर पहुंच परिजनों से मिलकर भी आ गई। बयान 11 मई को आया और आज 16 मई है। इन छह दिनों में डैमेज कंट्रोल के लिए बीजेपी की तरफ से तमाम कवायदें हुईं, नहीं हुआ तो बस एक्शन। इसे बीजेपी की पॉलिटिकल लाइन से जोडक़र भी देखा जा रहा है। विजय शाह की भाषा भले ही ठीक नहीं, लेकिन उनका टार्गेट तो हार्डकोर हिंदू वोटर ही था। विजय शाह पर एक्शन से कहीं यह लॉयल वोटबैंक नाराज न हो जाए, यह भी एक वजह हो सकती है कि पार्टी फूंक-फूंककर कदम बढ़ा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मत है कि बीजेपी विजय शाह पर एक्शन से इसलिए भी हिचक रही है, क्योंकि पार्टी नेताओं को लग रहा है कि अगर ऐसा हुआ तो विपक्ष इसे अपनी जीत के तौर पर प्रचारित करेगा। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री मोहन यादव, संगठन महासचिव हितानंद शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि हाईकोर्ट ने इस्तीफे को लेकर कुछ नहीं कहा है, इसलि इस पर जोर देने की जरूरत नहीं है। एमपी बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की राय यह भी थी कि विपक्षी पार्टियां शाह के इस्तीफे को देशभर में अपनी जीत के तौर पर पेश करेंगी।
विजय शाह ने बताया है कर्नल सोफिया को आतंकवादियों की बहन
आपको एक बार फिर याद दिला दें कि भाजपा के मंत्री विजय शाह ने भारत की लाड़ली बेटी कर्नल सोफिया को आतंकवादियों की बहन बताया है। विजय शाह के इस बयान से हर हिन्दुस्तानी दु:खी है। दरअसल मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का बखान कर रहे थे। इसी दौरान विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना ऐसी टिप्पणी कर दी, कि बखेड़ा खड़ा हो गया। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, पूर्व मंत्री रघुनंदन शर्मा जैसे नेता विजय शाह पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, मध्य प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिमा बागरी और भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार मंत्री शाह का बचाव कर रहे हैं।