
विराट कोहली के फैन को पिछले 3 सालों से उनके एक शतक का इंतजार है। फिलहाल यह इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। 17 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच आखरी एकदिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद विराट कोहली लंबी छुट्टी पर जा रहे हैं। विराट कोहली के फैंस को इस बात की उम्मीद है कि इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी एक दिवसीय मुकाबले में इस स्टार खिलाड़ी का बल्ला चलेगा। हालांकि, खराब फॉर्म में होने की वजह से विराट कोहली को आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी विराट कोहली का समर्थन किया था। रोहित ने कहा था कि उसने इतने लंबे समय तक इतने सारे मैच खेले हैं। वह इतना महान बल्लेबाज है और उसे किसी तरह के आश्वासन की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मैने पहले भी कहा है कि फॉर्म ऊपर नीचे होता रहता है। यह हर क्रिकेटर के साथ होता है। महानतम क्रिकेटरों के कैरियर में भी उतार चढाव आये हैं। 2020 से लेकर अब तक उन्होंने 18 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और महज 27.25 के औसत से 872 रन बनाए हैं। वनडे में भी 18 मुकाबलों में उन्होंने 702 रन बनाए हैं और औसत 39 का रहा है। टी-20 में उनके आंकड़े बेहतर जरूर हैं, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं। 24 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 42 की औसत से 675 रन बनाए।