विराट का 49वां शतक: सचिन की बराबरी पर पहुंचे, जन्मदिन पर रचा इतिहास
विराट का 49वां शतक
भारत
चेतना मंच
06 Nov 2023 03:58 PM
विराट का 49वां शतक: कोहली का 5 नवंबर को जन्मदिन था। अपने 35वें जन्मदिन को विराट कोहली ने अपना रिकॉर्ड 49वां शतक लगाकर इस दिन को यादगार बना दिया। रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाकर उन्होने महान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड 49 शतकों की बराबरी कर ली। विराट ने 121 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी में 10 चौके शामिल थे।
विराट का 49वां शतक, महान सचिन की बराबरी पर पहुंचे विराट
कोलकाता में अपने 49वें शतक को लगाकर विराट ने सचिन तेंदुलकर के वनडे में सर्वाधिक शतक लगाने की बराबरी कर ली। विराट पारियों के मामले में उनसे आगे निकल गए हैं। विराट ने 49 शतक 277 पारियों में पूरे किए, जबकि सचिन ने 49 शतक 452 पारियों में पूरे किए थे।
इस लिस्ट में 31 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर भी एक भारतीय रोहित शर्मा ही हैं। सचिन के नाम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतकों का रिकॉर्ड है। संभावना जताई जा रही है कि विराट उनका ये रिकॉर्ड भी अपने करियर की समाप्ति से पहले ही तोड़ देंगे। यहीं नहीं विराट कोहली के निशाने पर कई और रिकॉर्डस भी हैं।
इस विश्व कप के दौरान विराट कोहली कई बार शतक के नजदीक पहुँच कर भी चूक गए थे, लेकिन रविवार को उन्होने ये अवसर नहीं गंवाया। इस विश्व कप में विराट ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ शतक के नजदीक पहुंचे जरूर, लेकिन इसे पूरा नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ इस मौके को नहीं गंवाया और अपना 48वां शतक पूरा किया था। 5 नवंबर को उन्होंने अपना 49वां शतक भी जड़ दिया।
तेंदुलकर ने विराट को इस उपलब्धि पर बधाई दी, विराट का 49वां शतक
विराट कोहली को उनकी इस उपलब्धि पर दुनियाभर से बधाई मिली हैं, लेकिन एक बधाई संदेश उनके लिए खास था, वो था सचिन का संदेश। महान तेंदुलकर ने उन्हें बधाई देते हुए मज़ाक में कहा "मुझे 49 से 50 तक पहुँचने में 365 दिन लगे। लेकिन आशा है आप 50 तक पहुँचने के लिए 365 दिन नहीं लोगे और जल्दी ही 50 तक पहुँच जाओगे।"
विश्व कप 2011 में सचिन को कंधों पर उठाने वाले विराट कोहली आज उनके साथ कंधे से कंधा मिलकर खड़े हो गए। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बराबरी करने के बारे में जब मैच के बाद विराट से पूछा गया तो उनका कहना था "सचिन महान खिलाड़ी हैं और हमेशा ही रहेंगे। मैं उन्हें खेलता हुआ देखकर बढ़ा हुआ हूँ। मैं कभी उनकी बराबरी नहीं कर सकता, वो मेरे हीरो हैं ।"
विराट कोहली के अपने जन्मदिन पर खेली गई इस यादगार शतकीय पारी को डिजिटल प्लेटफॉर्म 'डिज्नी हॉटस्टार' पर रिकॉर्ड लोगों ने देखा। बताया जा रहा है कि उनकी इस पारी के दौरान देखने वालों की संख्या 4.4 करोड़ थी। आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इतने लोगों द्वारा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखे जाने को एक बड़ी उपलब्धि बताया।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।