सीएम रेड्डी ने पीएम मोदी की तुलना महमूद गजनवी से की, भड़के भाजपाई
Vivadit Bayan
भारत
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 05:18 PM
भारत
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 05:18 PM
Vivadit Bayan : मध्यप्रदेश के इंदौर के महू में कांग्रेस की एक रैली में तेलंगाना के सीएम का एक बयान विवाद का कारण बन गया है। दरअसल सोमवार को यहां महू में हुई कांग्रेस की 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी की तरफ से दिए गए एक बयान के बाद मध्य प्रदेश से लेकर दिल्ली तक सियासत गर्मा गई है। हुआ यह कि रेवंत रेड्डी ने अपने बयान में पीएम मोदी की तुलना विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी से कर दी, जिसके बाद से ही बीजेपी रेवंत रेड्डी पर हमलवार नजर आ रही है। सीएम रेड्डी के बयान पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नाराज दिखे और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए तेलंगाना के सीएम पर पलटवार करते हुए उन्हें तुरंत माफी मांगने को कहा, साथ ही एमपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी रेवंत रेड्डी पर निशाना साधा है।
रेवंत रेड्डी ने दिया विवादित बयान
सीएम रेवंत रेड्डी ने महू में हुई कांग्रेस की रैली में कहा कि 'यह लड़ाई संविधान बचाने वालों और संविधान बदलने वालों के बीच में है, मोदी जी जब से देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से ही संविधान को बदलने की कोशिश हो रही है। इसी दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तुलना महमूद गजनवी से कर दी। सीएम रेड्डी ने कहा 'मैंने इतिहास में महमूद गजनवी के बारे में पढ़ा था उसने हिंदुस्तान को लूटने और हिंदुस्तान को हासिल करने के लिए बार-बार कोशिश की। वैसे ही महमूद गजनवी जैसे मोदी जी ने संविधान बदलने के लिए, आरक्षण रद्द करने लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। रेवंत रेड्डी के इस बयान की बीजेपी के नेताओं ने तीखी आलोचना की है। उन्होंने इस बयान की भर्त्सना करने के साथ माफी मांगने के लिए भी कहा है।
एक विदेशी लुटेरे और आक्रांता से पीएम की तुलना निंदनीय
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के विवादित बयान पर भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पलटवार करते हुए कहा कि यह बयान घोर निंदनीय है। भारत ही नहीं विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता पीएम मोदी की तुलना एक विदेशी लुटेरे और आक्रांता महमूद गजनवी से करके कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने अपनी नफरती मानसिकता का परिचय दिया है। वह मुख्यमंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर होने के बावजूद देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ उनका इस तरह की भाषा का प्रयोग करना अत्यंत शर्मनाक है, मैं उनके इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। कांग्रेस पार्टी और रेवंत रेड्डी को अपने इस घृणित बयान के लिए देश की जनता एवं आदरणीय प्रधानमंत्री जी से तत्काल माफी मांगनी चाहिए।
यह बयान बेहद शर्मनाक
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा यह बयान बेहद शर्मनाक है। 17 बार भारत पर लूट की मंशा से आक्रमण करने वाले विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी की तुलना विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी से करके कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने एक बार फिर अपनी पार्टी और नेतृत्व के नफरती व जहरीली मानसिकता का परिचय दिया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। यह शर्मनाक बयान कांग्रेस पार्टी औन उनकी नफरत का परिचायक है।
महू रैली में पहुंचे थे सीएम रेवंत रेड्डी
इंदौर के पास महू में संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली है। कांग्रेस ने इस रैली का आयोजन संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बाबा साहब अंबेडकर पर दिए गए बयान के विरोध में किया था। बता दें कि रेवंत रेड्डी कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए महू पहुंचे थे, इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष समेत विधानसभाओं में विपक्ष के लीडर भी शामिल हुए थे।