कहां बनी थी दुनिया की पहली गगनचुंबी इमारत? जानें कौन हैं जनक?
भारत
चेतना मंच
03 Sep 2025 03:50 PM
शहरों के क्षितिज को छूती इमारतों को देखकर अक्सर हमारे मन में एक सवाल आता है आखिर सबसे पहली गगनचुंबी इमारत कौन-सी थी और इसे खड़ा करने वाले लोगों ने ऐसा क्या किया जो आज भी इंजीनियरिंग और वास्तुकला की मिसाल बना हुआ है? Father of Skyscrapers
दुनिया की पहली गगनचुंबी इमारत
1885 में शिकागो में बनी होम इंश्योरेंस बिल्डिंग को दुनिया की पहली गगनचुंबी इमारत के रूप में मान्यता प्राप्त है। इस इमारत को विलियम ले बैरन जेनी ने डिजाइन किया था और इसकी खास बात थी फायरप्रूफ स्टील फ्रेम का उपयोग जो उस समय के लिए क्रांतिकारी कदम था। 10 मंजिला इस इमारत की ऊंचाई और हल्के लेकिन मजबूत ढांचे ने निर्माण की पारंपरिक सीमाओं को तोड़ डाला।
गगनचुंबी इमारतों के जनक
हालांकि दुनिया की पहली गगनचुंबी इमारत का डिजाइन जेनी ने बनाया लेकिन गगनचुंबी इमारतों की दृष्टि, सौंदर्य और विकास का श्रेय लुई एच. सुलिवन को जाता है। सुलिवन को वास्तुकला की दुनिया में गगनचुंबी इमारतों के जनक और आधुनिकतावाद के अग्रदूत के रूप में जाना जाता है। उनका सबसे प्रसिद्ध दर्शन रूप, कार्य का अनुसरण करता है (Form follows function) वास्तुशिल्प सोच को एक नई दिशा देने वाला था। उनका मानना था कि किसी इमारत की डिजाइन उसकी उपयोगिता से तय होनी चाहिए न कि केवल सजावट से।
सुलिवन की खास शैली और प्रभाव
सुलिवन की इमारतें सिर्फ ऊंची नहीं थीं वे खूबसूरत भी थीं। उनके डिजाइनों में प्राकृतिक रूपांकनों, ऊर्ध्वाधर रेखाओं और सजावटी तत्वों का अद्भुत मेल देखने को मिलता था। उनकी प्रमुख इमारतों में शिकागो की ऑडिटोरियम बिल्डिंग, सेंट लुइस की वेनराइट बिल्डिंग, बफेलो की गारंटी बिल्डिंग शामिल हैं। ये सभी इमारतें तकनीक और कलात्मकता का ऐसा संगम हैं, जिसने आने वाली पीढ़ियों के वास्तुकारों को गहराई से प्रभावित किया। सुलिवन ने प्रसिद्ध वास्तुकार फ्रैंक लॉयड राइट को भी मार्गदर्शन दिया, जो खुद आगे चलकर अमेरिका के महानतम वास्तुकारों में से एक बने।
लुई एच. सुलिवन को उनके अतुलनीय योगदान के लिए अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स का गोल्ड मेडल भी प्रदान किया गया। उन्होंने न सिर्फ ऊंचाई को छूने की हिम्मत दिखाई, बल्कि उस ऊंचाई में कला और उद्देश्य को भी पिरोया और इस तरह, जहां एक ओर होम इंश्योरेंस बिल्डिंग को तकनीकी रूप से पहली गगनचुंबी इमारत माना जाता है वहीं दूसरी ओर, लुई सुलिवन ने उस सोच और सौंदर्यशास्त्र को जन्म दिया जो आज के शहरी क्षितिज को आकार देता है। Father of Skyscrapers