World Brain Day 2025: दिमाग को बूढ़ा होने से बचाना है? आज से ही बदलें ये 12 आदतें
भारत
चेतना मंच
22 Jul 2025 11:27 AM
दिमाग भी आपकी उम्र के साथ बूढ़ा हो सकता है, लेकिन खुशखबरी ये है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर इसे लंबे समय तक तेज और जवान बनाए रखा जा सकता है। World Brain Day 2025 हमें यही याद दिलाता है कि जैसे दिल की सेहत का ध्यान रखना जरूरी है, वैसे ही दिमाग की देखभाल भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। सोचने, याद रखने और नए आइडिया लाने की ताकत हमारे दिमाग की सेहत पर ही निर्भर करती है। लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, ये ताकत धीरे-धीरे कम हो सकती है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने ऐसी 12 आदतें बताई हैं जिन्हें अपनाकर हम अपने ब्रेन की उम्र को "रिवर्स" कर सकते हैं।
मेंटल एक्सरसाइज: दिमाग को भी चाहिए रोज एक्सरसाइज
जिस तरह शरीर को फिट रखने के लिए एक्सरसाइज ज़रूरी होती है, वैसे ही दिमाग को भी रोज़ाना कुछ नया और चुनौतीपूर्ण चाहिए। किताबें पढ़ना, नई भाषा सीखना या क्रॉसवर्ड हल करना जैसे काम आपके दिमाग में नए कनेक्शन बनाते हैं। इससे ब्रेन एक्टिव रहता है और याददाश्त बेहतर होती है।
चलना-फिरना भी जरूरी है
दिमाग को सही तरह से काम करने के लिए शरीर का एक्टिव रहना भी जरूरी है। रोज़ाना 30 मिनट की वॉक या हल्की-फुल्की एक्सरसाइज से दिमाग तक ऑक्सीजन पहुंचती है और नई कोशिकाएं बनने में मदद मिलती है। इससे तनाव भी कम होता है।
सही खानपान का असर दिमाग पर
मेडिटेरेनियन डाइट यानी हरी सब्ज़ियां, मछली, नट्स, फल और जैतून का तेल – ये सब ब्रेन को जरूरी पोषण देते हैं। यह खाना दिमाग की सूजन को कम करता है और याददाश्त मजबूत करने वाले तत्व प्रदान करता है जैसे ओमेगा-3 और एंटीऑक्सिडेंट्स।
ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल को रखें कंट्रोल में
उम्र बढ़ने के साथ हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज़ जैसी बीमारियां दिमाग की सेहत पर सीधा असर डालती हैं। ये बीमारियां दिमाग की नसों को नुकसान पहुंचाती हैं जिससे डिमेंशिया और भूलने की समस्या हो सकती है। संतुलित आहार, एक्सरसाइज और डॉक्टर की सलाह से दवाओं के ज़रिए इन्हें कंट्रोल में रखना जरूरी है।
तंबाकू और शराब से दूरी बनाएं
तंबाकू दिमाग की नसों को संकुचित करता है और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाता है, जो दिमाग के लिए बेहद हानिकारक है। इसी तरह अत्यधिक शराब पीना दिमाग के कुछ हिस्सों को सिकोड़ सकता है। इसलिए इनका सेवन सीमित या बिल्कुल बंद करना दिमाग के लिए सबसे बेहतर है।
अच्छी नींद और मानसिक शांति
चिंता, तनाव और नींद की कमी सीधा असर दिमाग की कार्यक्षमता पर डालती है। रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद और माइंडफुलनेस या मेडिटेशन जैसी आदतें दिमाग को तरोताजा करती हैं। भावनात्मक संतुलन बनाए रखना भी ब्रेन हेल्थ के लिए ज़रूरी है।
सिर की सुरक्षा और सामाजिक संबंध
छोटी-मोटी सिर की चोटें भी लंबे समय में ब्रेन डैमेज का कारण बन सकती हैं। इसलिए हेलमेट पहनना, गिरने से बचाव करना और सीट बेल्ट का इस्तेमाल बहुत जरूरी है। साथ ही, मजबूत सामाजिक नेटवर्क और दोस्तों से मेल-जोल भी मानसिक ऊर्जा को बढ़ाता है।
दिमाग को दें नेचुरल बूस्ट
प्रकृति में समय बिताना, हंसना, पानी पीना और कुछ नया सीखना — ये सब छोटे-छोटे कदम हैं जो दिमाग को फ्रेश और एक्टिव बनाए रखते हैं। किसी नए हुनर को सीखना, जैसे म्यूजिक या पेंटिंग, भी दिमाग के लिए एक बेहतरीन व्यायाम है।
World Brain Day 2025 सिर्फ एक दिन की जागरूकता का मौका नहीं है, बल्कि एक अलर्ट है कि हमें रोज़मर्रा की जिंदगी में दिमाग की सेहत को लेकर सजग रहना है। ये 12 आदतें आपके दिमाग को बूढ़ा होने से रोक सकती हैं और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बना सकती हैं। याद रखें – दिमाग भी देखभाल चाहता है, और उसकी फिटनेस भी आपकी आदतों पर निर्भर करती है।
आपके दिमाग में मौजूद हैं 100 अरब से भी ज्यादा कोशिकाएं