World Music Day- कानों में रस घोलने के साथ थेरेपी का भी काम करता हैं संगीत, जाने वर्ल्ड म्यूजिक डे की थीम
भारत
RP Raghuvanshi
21 Jun 2023 02:20 PM
World Music Day- प्रतिवर्ष 21 जून का दिन विश्व संगीत दिवस अर्थात वर्ल्ड म्यूजिक डे के रूप में मनाया जाता है। संगीत हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। संगीत ना केवल कानों में रस घोलने का काम करता है, बल्कि इससे हमारे मन को शांति, सुकून एवं खुशी मिलती है। लोगों को संगीत के महत्व को बताने के लिए प्रतिवर्ष 21 जून के दिन को विश्व संगीत दिवस के रुप में मनाया जाता है।
क्या है विश्व संगीत दिवस का इतिहास व महत्व-
सर्वप्रथम फ्रांसीसी संस्कृति के मंत्री मॉरिस फ्ल्यूरेट ने सबके सामने विश्व संगीत दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। साल 1981 को उनका यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद साल 1982 में फ्रांसीसी संस्कृति के मंत्री के पद पर जैक लैंग विराजमान हो गए। इन्होंने सर्वप्रथम विश्व संगीत दिवस 21 जून को मनाने की घोषणा की। इनकी घोषणा के बाद 21 जून 1982 को पहली बार विश्व संगीत दिवस सेलिब्रेट किया गया।
संगीत का हमारे जीवन में बहुत ही खास महत्व है। यह मन को सुकून एवं शांति तो देता है साथ में थेरेपी का भी काम करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक संगीत एक ऐसी भाषा है, जो तनाव को कम करने में काफी मददगार साबित होता है। लोगों को संगीत के महत्व के बारे में बताने के लिए, विश्व संगीत दिवस का दिन सेलिब्रेट किया जाता है। इसके साथ ही इस दिन को मनाने के पीछे का उद्देश्य संगीत के क्षेत्र में योगदान देने वाले दुनिया भर के गायकों और संगीतकारों को सम्मान देना है।
World Music Day 2023 Theme: विश्व संगीत दिवस 2023 की थीम –
प्रतिवर्ष एक नए थीम के साथ विश्व संगीत दिवस मनाया जाता है साल 2023 में विश्व संगीत दिवस के लिए जो थीम निर्धारित की गई है वो है -'Music on the Intersections' जिसका शाब्दिक अर्थ है - 'चौराहों पर संगीत'।
विभिन्न संस्कृतियों और पृष्ठभूमि के लोगों को एक साथ लाने के लिए संगीत की शक्ति को उजागर करने के लिए थीम को चुना गया था। संगीत सामाजिक परिवर्तन के लिए एक शक्तिशाली शक्ति हो सकता है। और इस वर्ष की थीम "चौराहों पर संगीत" इस शक्ति के जश्न को मनाने का एक सटीक तरीका है।