डब्ल्यूपीएसी 2025 उद्घाटन में मोदी का संदेश: 'रुकावटों को तोड़कर नए मानक स्थापित कर रहे पैरा एथलीट्स
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 10:14 PM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 10:14 PM
भारत के लिए गुरुवार का दिन खेलों के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप (WPAC 2025) का भव्य उद्घाटन हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एथलीट्स को संबोधित करते हुए कहा कि "पैरा एथलीट्स ने बाधाएँ तोड़कर और नए मानक स्थापित करके भारत की पहचान को एक उभरते स्पोर्टिंग हब के रूप में मज़बूत किया है।"
भारत बना चौथा एशियाई देश
भारत इस ऐतिहासिक आयोजन की मेज़बानी करने वाला एशिया का चौथा देश बना है। इससे पहले कतर (2015), यूएई (2019) और जापान (2024) इस चैंपियनशिप की मेज़बानी कर चुके हैं। इस बार 104 देशों से आए 2200 से अधिक पैरा एथलीट्स भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 5 अक्टूबर को होगा।
74 भारतीय पैरा एथलीट्स उतरेंगे मैदान में
टीम इंडिया इस बार रिकॉर्ड 74 पैरा एथलीट्स के साथ मैदान में उतरेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह भारतीय खेलों की नई ताकत और नई सोच का प्रमाण है। उन्होंने कहा, "खेल लोगों को जोड़ने का सबसे बेहतरीन माध्यम है, जो धर्म, क्षेत्र और राष्ट्रीयता जैसी सारी बाधाओं से ऊपर उठाता है।"
नई सुविधाओं से सजेगा नेहरू स्टेडियम
डब्ल्यूपीएसी 2025, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में बिछाए गए नए नीले मोंडो ट्रैक पर आयोजित होने वाला पहला बड़ा इवेंट है। इस ट्रैक का इस्तेमाल पेरिस पैरालिंपिक्स 2024 में भी हुआ था। इसके अलावा खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्टेडियम परिसर में एक मोंडो वार्म-अप ट्रैक और मल्टी-स्पेशलिटी जिमनैजियम का उद्घाटन भी किया, जहाँ एक साथ 200 खिलाड़ी अभ्यास कर सकते हैं।
भारत की बड़ी खेल महत्वाकांक्षाएँ
डॉ. मांडविया ने कहा कि यह आयोजन भारत की क्षमता और बड़े मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित करने की तैयारी को दर्शाता है। उन्होंने आगे बताया कि भारत अब 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक गेम्स की मेज़बानी की दिशा में भी कदम बढ़ा रहा है।
एथलीट्स का उत्साह, दर्शकों की उम्मीदें
स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने उद्घाटन समारोह का गवाह बनते हुए भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स के अध्यक्ष पॉल फिट्ज़गेराल्ड ने कहा, "हाँ, विश्व रिकॉर्ड टूटेंगे। हाँ, नए चैम्पियन सामने आएंगे। लेकिन हर एथलीट का संघर्ष और जज़्बा अपने आप में जीत होगी।"
मोदी का प्रेरणादायी संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, "पैराएथलीट्स के अद्भुत प्रदर्शन ने हिम्मत और संकल्प का नया अर्थ स्थापित किया है। उनकी उपलब्धियों ने यह विश्वास जगाया है कि कोई भी चुनौती असंभव नहीं है।"
नोएडा की इस कंपनी की हो रही है पूरी दुनिया में चर्चा