
Yogi cabinet 2022 : यूपी में योगी सरकार (Yogi cabinet) के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एक भव्य समारोह में 25 मार्च को शपथ (Yogi cabinet oath) लेंगे जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा सोनिया गांधी, प्रिंयका गांधी समेत सभी दिग्गज नेताओं को आमंत्रण भेजा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस शपथ ग्रहण की खास बात यह है कि इसमें केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पा रहे लाभार्थियों को भी बुलाने की बात कही जा रही है। करीब 50 हजार लोगों के समारोह में एकत्रित होने की उम्मीद की जा रही है।
पांच साल के सफल कार्यकाल के बाद यूपी की सत्ता में वापसी कर अपनी पार्टी खुद के लिए 37 साल पुराना मिथक तोड़कर इतिहास रचने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार का दूसरा शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को शहीद पथ स्थित इकाना स्टेडियम में होगा। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में महिलाओं और युवाओं को खास तवज्जो मिलेगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर बाद आयोजित होगा।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। इकाना स्टेडियम में प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर योगी की पार्टी नेतृत्व के साथ मन्त्रणा हो चुकी है। यूपी में सरकार गठन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को क्रमशः पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक बनाया गया। शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को मुख्यमंत्री के गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने पर अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
योगी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि योगी के शपथ ग्रहण में कौन कौन सी हस्तियां पहुंचती हैं। पिछली बार जब योगी यूपी के सीएम बने थे तब रमाबाई स्थल पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें मुलायम और अखिलेश यादव भी पहुंचे थे लेकिन सोनिया और प्रियंका को न्यौता नहीं भेजा गया था। इस बार इन दोनों नेताओं को भी बुलाने की तैयारी की जा रही है।