
Manish Kashyap : बिहार की राजनीति में लंबे समय से चल रहे कयासों पर अब विराम लग गया है। चर्चित यूट्यूबर और उभरते राजनीतिक चेहरे मनीष कश्यप ने आखिरकार प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है। पटना के बापू सभागार में आयोजित डिजिटल योद्धा समागम कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर जन सुराज अभियान के सूत्रधार और चुनावी रणनीति के मास्टरमाइंड से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने स्वयं मंच पर मनीष कश्यप का स्वागत किया और उन्हें 'व्यवस्था परिवर्तन' के इस मिशन में भागीदार बताया। प्रशांत किशोर ने कहा, “बिहार में अगर सचमुच बदलाव चाहिए, तो हर उस व्यक्ति को साथ आना होगा जो व्यवस्था में नई सोच और ईमानदारी लाना चाहता है। मनीष उसी सोच का प्रतिनिधित्व करते हैं।
बता दें कि मनीष कश्यप, जिनका वास्तविक नाम त्रिपुरारी कुमार तिवारी है, ने पिछले महीने 8 जून को फेसबुक लाइव के जरिए भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। बीजेपी में वे बीते वर्ष लोकसभा चुनाव से ठीक पहले शामिल हुए थे। पार्टी छोड़ने के बाद से ही उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था।
बीजेपी से अलग होते ही मनीष कश्यप के सोशल मीडिया हैंडल्स पर पीले रंग की झलक साफ दिखने लगी थी—चाहे वो गमछा हो या फिर वीडियो के विजुअल्स। यही नहीं, बीती रात उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह के साथ अपनी तस्वीरें साझा की थीं। हालांकि, उस पोस्ट में उन्होंने पार्टी या कार्यक्रम का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया था, लेकिन संकेत काफी कुछ कह रहे थे। जन सुराज पार्टी में शामिल होने से पहले मनीष कश्यप ने प्रशांत किशोर से व्यक्तिगत मुलाकात भी की थी, जिसमें उन्होंने उन्हें भारतीय संविधान की प्रति भेंट की थी। इस प्रतीकात्मक भेंट को राजनीतिक हलकों में मनीष की प्रतिबद्धता और उनके भावी कदम के संकेत के तौर पर देखा गया। Manish Kashyap