नोएडा प्राधिकरण के CEO ने सितार पर दी अनूठी प्रस्तुति, राष्ट्र प्रेम की भावना ने भरा जोश
भारत
चेतना मंच
15 Aug 2025 01:45 PM
79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नौएडा प्राधिकरण द्वारा इंदिरा गांधी प्रांगण में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम. ने राष्ट्राध्वज को सम्मान पूर्वक फहराया। इस अवसर पर प्राधिकरण के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ उपस्थित रहे। Noida Samachar
बच्चों की प्रस्तुति ने बढ़ाया उत्साह
समारोह में मैरीगोल्ड स्कूल, सैक्टर-19 के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रेरणादायी प्रस्तुति दी, जिससे सम्पूर्ण वातावरण ‘वंदे मातरम्’ की गूंज और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम. द्वारा अपनी मधुर सितार प्रस्तुति से समारोह को एक अनूठा सांस्कृतिक आयाम प्रदान किया। डॉ. लोकेश एम ने सितार पर ‘वंदे मातरम’ की शानदार प्रस्तुति दी।
विकास यात्रा का खाका और नई योजनाओं का ऐलान
अपने सम्बोधन में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने प्राधिकरण की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भूमि एवं प्लॉट आवंटन की पारदर्शी प्रक्रिया, बजट में उल्लेखनीय वृद्धि, शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण, पार्कों एवं तालाबों का निर्माण, वेस्ट वंडर पार्क की स्थापना (जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र किया जाएगा), सैक्टर-128 से 137 तक गंगाजल आपूर्ति पाइपलाइन परियोजना प्रगति पर है। डॉ. लोकेश एम. ने भारत की सांस्कृतिक एवं भाषायी विविधता, राष्ट्रीय एकता और नागरिक उत्तरदायित्व के महत्व पर बल देते हुए यह संकल्प व्यक्त किया कि नौएडा प्राधिकरण भविष्य में एक और अधिक विकासशील, सशक्त एवं स्वच्छ नौएडा के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।
इस मौके पर सीईओ ने कहा कि 15 दिनों में मुख्यमंत्री भंगेल एलिवेटेड रोड के साथ-साथ प्राधिकरण के नए भवन व कई अन्य योजनाओं का अनावरण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि गंगाजल के मामले में अभी 330 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है। शीघ्र ही नए सेक्टर में नवंबर-दिसंबर तक गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में भी तेजी से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
इस मौके पर एसीईओ संजय खत्री, वंदना त्रिपाठी, सतीश पाल, ओएसडी महेंद्र प्रसाद, देवेन्द्र प्रताप, महा प्रबंधक सिविल अशोक कुमार अरोड़ा, महाप्रबंधक एसपी सिंह, महा प्रबंधक (जल एवं विद्युत यांत्रिकी) आर.पी. सिंह, उप महाप्रबंधक सिविल विजय रावल समेत कई बड़े अधिकारी तथा सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक के अलावा नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी राजकुमार व समिति कर्मचारी मौजूद थे। इस कार्यक्रम के उपरांत मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा सब मॉल के पास आटा पीर चौराहे पर क्लॉक टॉवर ट्रैफिक बूथ एवं सैक्टर-30, निठारी में वाटर ए.टी.एम. का उद्घाटन किया गया। Noida Samachar