Hindi Crime News: यहां पढ़ें नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ताजा खबरें
भारत
चेतना मंच
25 Oct 2025 02:09 PM
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रहे अपराध की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में चिंता की लहर दौड़ा दी है। इन बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर हम आपके लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हाल ही में हुई प्रमुख अपराध की घटनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत कर रहे हैं ताकि नागरिकों को सुरक्षा और सावधानी बरतने की जानकारी मिल सके। Noida News
छात्र से लैपटॉप बैग छीना
नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के जेपी इंस्टिट्यूट के पास दो बदमाश एक छात्र से लैपटॉप बैग छीनकर फरार हो गए। छात्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जनपद फर्रुखाबाद के रहने वाले दीपेंद्र कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह हाल में गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रह रहा है और जयपुरिया स्कूल ऑफ बिजनेस में पढ़ाई करता है। 16 अक्टूबर की शाम को वह अपने घर फर्रुखाबाद जाने के लिए बस पकडऩे के लिए जा रहा था। जैसे ही वह जेपी इंस्टिट्यूट के पास पहुंचा तो दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और उसके हाथ से उसका लैपटॉप बैग छीन कर भाग निकले। उसने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन हत्थे नहीं चढ़े। दीपेंद्र कुमार के मुताबिक बैग में लैपटॉप, मोबाइल फोन, लैपटॉप चार्जर, मोबाइल चार्जर व 1300 रुपए रखे हुए थे। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
दो लोगों के मोबाइल चोरी
नोएडा के अलग-अलग स्थानों से चोरों ने महिला सहित दो लोगों के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना बिसरख क्षेत्र के गुलशन वैलेनिना सोसाइटी में रहने वाली लक्ष्मी सैनी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 16 सितंबर की शाम को सोसायटी के बाहर बनी मार्केट में खरीदारी करने के लिए गई थी। खरीदारी के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका आईफोन 15 प्रो मैक्स चोरी कर लिया। उन्होंने अपने मोबाइल फोन की काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पीडि़ता की शिकायत पर थाना बिसरख पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं थाना सेक्टर-63 में जनपद अमरोहा निवासी मोहम्मद शहज़ेब ने घर से दो मोबाइल फोन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहम्मद साजिद के मुताबिक वह अपने जीजा के घर चोटपुर कॉलोनी आया था। 16 अक्टूबर की रात्रि को अज्ञात चोर ने घर से उसके दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
कबाड़ी ने कंपनी से सामान किया चोरी
नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की एक कंपनी से बिजली के तार के बंडल व अन्य सामान चोरी हो गया। कंपनी मालिक के मुताबिक बीते दिनों कबाड़ खरीदने आए कबाड़ी ने चोरी की यह घटना की है। चोरी से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। सेक्टर-63 के सी ब्लॉक में स्थित जीएस कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में 19 अक्टूबर की रात्रि को चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। कंपनी मालिक गौरव कुमार के मुताबिक उनकी कंपनी से वायर के करीब 36 बंडल, एमसी, स्विप गेयर, रिले व अन्य सामान चोरी हुआ है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपए है। गौरव कुमार के मुताबिक, उन्होंने जब कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें एक व्यक्ति कंपनी से सामान चोरी करता हुआ दिखाई दिया। गौरव कुमार के मुताबिक कंपनी में चोरी की घटना को अंजाम देने वाला अजीत नाम का कबाड़ी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि अजीत नामक कबाड़ी करीब 15 दिन पहले उनके कंपनी से कबाड़ लेकर गया था। फुटेज में कबाड़ी की शक्ल साफ-साफ दिख रही है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
बातों में उलझाकर कार से उड़ाया बैग
ग्रेटर नोएडा में दुर्घटना का नाटक रचकर दो लोगों ने एक कार सवार को अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान एक व्यक्ति ने कार में रखे बैग को चोरी कर लिया। बैग में लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज व कुछ नगदी रखी हुई थी। पीडि़त ने थाना बिसरख में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अंकित अग्रवाल ने दर्ज कराई कोर्ट में बताया कि वह 22 सितंबर की रात्रि को अपनी किया सेल्टोज कार से अपने घर जा रहे थे। जब वह शाहबेरी चौक की तरफ जा रहा था तो ट्रैफिक के कारण उसकी गाड़ी रुक गई। इस दौरान एक व्यक्ति ने बांई तरफ का शीशा पीटना शुरू कर दिया। उसने जब कार का शीशा नीचे किया तो उस व्यक्ति ने कहा कि उसके पैर पर कार का पहिया चढ़ गया है। अंकित अग्रवाल के मुताबिक वह उक्त व्यक्ति से बात कर रहा था। इस दौरान दूसरे व्यक्ति ने उसकी तरफ का शीशा खटखटाकर उसे कार आगे बढ़ाने को कहा। अंकित अग्रवाल के मुताबिक दोनों लोगों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान पीछे से लोग लगातार हॉर्न बना रहे थे। जल्दबाजी में उसने अपनी कार को आगे बढ़ा दिया। कुछ दूर जाने पर उसे एहसास हुआ कि कार में रखा लैपटॉप बैग गायब है। पीड़ित के मुताबिक बैग में लैपटॉप, तीन क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड की केवाईसी, ड्राइविंग लाइसेंस, कार की आरसी व नगदी रखी हुई थी। उसने तुरंत डॉयल-112 पर फोन कर अपने साथ घटी घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग स्थानों पर हुए सडक़ हादसों में बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना दादरी क्षेत्र के आजाद नगर कटेरा रोड निवासी नाजिम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 21 अक्टूबर शाम को वह अपनी पत्नी व पांच वर्षीय बेटे अबुजर के साथ बाइक से अपने घर की तरफ आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक निम्स हॉस्पिटल के पास पहुंची तो तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में उसके बेटे अबूजर के सिर में गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। इलाज के लिए अबूजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जनपद संभल की रहने वाली श्रीमती कल्लो ने थाना दादरी में दुर्घटना में अपने बेटे की मृत्यु होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्रीमती कल्लो के मुताबिक उनका बेटा देवेंद्र अपने साथी धीरेंद्र के साथ 13 अक्टूबर को बाइक से सूरजपुर से होते हुए संभल आ रहा था उसकी बाइक जैसे ही कोट नहर के पास पहुंची तो आगे जा रहे आयशर ट्रैक्टर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगाने की वजह से देवेंद्र बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वह ट्रैक्टर से टकरा गई। इस हादसे में देवेंद्र और विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें नोएडा के सरकारी अस्पताल लाया गया यहां चिकित्सकों ने देवेंद्र को मृत्यु घोषित कर दिया और विकास को उपचार के लिए हायर सेंटर दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। हायर सेंटर में भर्ती विकास की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं थाना दनकौर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मोहल्ला प्रेमनगर निवासी मुस्तकीम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 28 सितंबर को उनके भाई नईम घर से सिकंदराबाद के लिए गया था। बिलासपुर में वह टेंपो से उतरकर पैदल जा रहा था जैसे ही वह रामपुर गेट के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति में आ रहे वाहन ने नईम राइन को टक्कर मार दी। इस हादसे में नईम को गंभीर चोटें आई। उपचार के लिए उसे ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 14 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसके भाई की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी वाहन चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
खेत में लगे समरसेबल चोरी
ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र में एक किसान के खेत में लगे सोलर पैनल की प्लेट, समरसेबल की मोटर व केबल चोरी कर ले गए। किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला चार माह बाद दर्ज हुआ है। मोहल्ला कचहरीयान जहांगीरपुर निवासी फरहीन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने अपने खेत पर 3 एचपी का सोलर सिस्टम लगाया हुआ है। 25 जून रात्रि को अज्ञात चोरों ने उसके खेत में लगे सोलर पैनल के ढांचे से तीन सोलर प्लेट, सबमर्सिबल पंप, केवल आदि चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी मिलने पर उसने डॉयल 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना ने पर मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने करीब चार माह बाद मुकदमा दर्ज किया है।
एयरपोर्ट की जमीन पर भूमाफियाओं की नजर, 22 पर FIR
ग्रेटर नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की गई जमीन पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अधिग्रहित की गई भूमि पर अवैध अतिक्रमण के आरोप में थाना जेवर में 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया कराया गया है। जेवर तहसील के क्षेत्रीय लेखपाल सोनू चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जेवर के विस्तारीकरण के लिए ग्राम रंहेरा, करौली बांगर, दयानतपुर, बीरमपुर व मूढरह गांव की भूमि अधिग्रहित की गई थी। इस भूमि पर कुछ लोग अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा कई बार इन लोगों को पूर्व में नोटिस देकर निर्माण कार्य बंद करने के लिए कहा गया था। बावजूद इसके अतिक्रमणकर्ता लगातार निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं।
सोनू चौहान ने प्रदीप, देवी चरण, अजय, संजीव कौशिक, रमेश कुमार पाल, प्रकाश, सुनील कुमार, चंद्रभूषण गौड़, पप्पू, मुकेश, दीपक, रिशिपाल, सुरेश चंद, विवेक कुमार, धर्मवीर, मनवीर, दलवीर, बृजमोहन, रणवीर एवं जीतू आदि के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अवैध अतिक्रमण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज रिपोर्ट में लेखपाल ने बताया कि उपरोक्त व्यक्तियों को कई बार नोटिस दिए जाने तथा बार-बार मना करने के बावजूद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं और लगातार अधिग्रहित जमीन पर निर्माण कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं। लेखपाल की शिकायत पर थाना जेवर पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि 2 दिन पूर्व थाना रबूपुरा में भी 90 लोगों के खिलाफ अधिग्रहित भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
नशे के सौदागरों पर लगाया गैंगस्टर
ग्रेटर नोएडा के संगठित गिरोह बनाकर नशे का काला धंधा करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। थाना ईकोटेक तीन पुलिस ने आठ लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया है। गैंगस्टर में निरुद्ध किए गए आरोपी शिलांग और मेघालय से गांजा लाकर इसे स्कूल-कॉलेज यूनिवर्सिटी के आसपास बेचते थे। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि नशे का काला कारोबार करने वाले शिवम यादव सारांश श्रीवास्तव अमन पाल आशीष कुमार कृष्ण राणा संजीत गुप्ता विशाल कुमार तथा विशाल सेन के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के कार्रवाई की गई है। इस गिरोह का सरगना शिवम यादव है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिवम यादव ने एक संगठित गिरोह बनाया हुआ है यह गिरोह जनपद गौतम बुद्ध नगर में नशीले मादक पदार्थ की तस्करी व बिक्री में सन लिप्त है। गिरोह के सदस्य शिलांग व मेघालय राज्य से गांजा व अन्य नशीले पदार्थ लाकर उसे स्कूल कॉलेज व यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं तथा आम जनता को भेजते हैं इससे युवा पीढ़ी नशे का शिकार होकर अपना तथा अपने परिवार का भविष्य खतरे में डाल रही है।
पोर्टर के जरिए शराब की तस्करी
ग्रेटर नोएडा में पुलिस से बचने के लिए शराब तस्कर आए दिन नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। पुलिस और आबकारी विभाग ने दो ऐसे शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है जो पोर्टर पार्सल के माध्यम से दूसरे राज्यों से शराब मंगाकर ऑन डिमांड उसकी सप्लाई करते थे। आबकारी विभाग व थाना कासना पुलिस ने उनके पास से चंडीगढ़ मार्का की तीन पेटी शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि घरबरा रोड कासना स्थित बिंदल मार्केट के सामने बनी एक इमारत में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने थाना कासना पुलिस को साथ लेकर बताए गए स्थान पर छापा मारा।
इस दौरान पुलिस टीम को दो व्यक्ति एक बड़े पोर्टर पार्सल को उठाकर छिपाने का प्रयास करते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब पोर्टल पार्सल को खोलकर देखा तो उसमें से शराब की तीन पेटियां बरामद हुई। इन पेटियों में 139 पव्वे रखे हुए थे। पुलिस टीम ने मौके से विकास कुमार पुत्र दीपक कुमार व हिमांशु पुत्र जबर सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह दूसरे प्रदेश से पोर्टल पार्सल के माध्यम से कम दामों में शराब मंगाकर अन्य स्थानों पर सप्लाई करते हैं। पिछले काफी समय से वह अन्य राज्यों से शराब मंगाकर इसकी तस्करी कर रहे हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। Noida News