नोएडा में आने वाले दिनों में शहर की 15 प्रमुख सड़कों का स्वरूप बदलने की तैयारी है। नोएडा प्राधिकरण ने करीब 47.27 किलोमीटर लंबी इन सड़कों को बेहतर और मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है।

Noida News : नोएडा में सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। शहर की प्रमुख सड़कों को अब नए रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। नोएडा प्राधिकरण ने शहर की 15 प्रमुख सड़कों को बेहतर और मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। करीब 47.27 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के विकास और सुधार पर लगभग 263.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना में केवल सड़कों की री-सरफेसिंग ही नहीं, बल्कि फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, ड्रेन, जंक्शन, साइड पटरी, टाइल और ग्रीन एरिया को बेहतर बनाने के काम भी शामिल हैं। अलग-अलग सड़कों पर परियोजनाओं की स्थिति अलग है। कहीं काम शुरू हो चुका है, तो कहीं टेंडर और मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। नोएडा की महत्वपूर्ण एमपी-2 रोड को भी इस योजना में शामिल किया गया है। सेक्टर-16ए फिल्म सिटी से सेक्टर-61 अंडरपास तक करीब 7.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क के सुधार पर लगभग 27.88 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। अट्टा अंडरपास से सेक्टर-61 अंडरपास तक री-सरफेसिंग का काम पूरा हो चुका है। सर्विस रोड पर काम चल रहा है, जबकि शेष हिस्से की री-सरफेसिंग के लिए एग्रीमेंट तैयार किया जा चुका है।
हाजीपुर से सेक्टर-51-52 और सेक्टर-71-72 अंडरपास की तरफ जाने वाली करीब 7 किलोमीटर लंबी 75 मीटर रोड के लिए लगभग 46 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। इस सड़क पर जंक्शन और फुटपाथ सुधारने के साथ साइड पटरी पर टाइल लगाने तथा ग्रीन एरिया विकसित करने की योजना है। फिलहाल सेक्टर-47 से सेक्टर-98 तक करीब 3 किलोमीटर हिस्से का अनुमान तैयार कर सैद्धांतिक मंजूरी के लिए भेजा गया है। महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-71 अंडरपास तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबी एमपी-3 रोड की री-सरफेसिंग प्रस्तावित है। इस काम पर करीब 15.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए पर्याप्त बोली नहीं मिलने के कारण दोबारा टेंडर आमंत्रित किया गया है। वहीं अशोक नगर से हरौला लेबर चौक तक करीब 1.4 किलोमीटर सड़क के सुधार पर 17.88 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। इसका टेंडर फिलहाल मंजूरी प्रक्रिया में है। Noida News :
सेक्टर-2 से हरौला चौक तक करीब 520 मीटर सड़क के लिए 9.86 करोड़ रुपये और वसुंधरा-दिल्ली बॉर्डर से उद्योग मार्ग तक करीब 500 मीटर सड़क के लिए 7.60 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। दोनों परियोजनाओं के टेंडर प्रकाशित किए जा चुके हैं। नोएडा के सेक्टर-62 में फोर्टिस अस्पताल से इंडस वैली स्कूल तक करीब 1.8 किलोमीटर सड़क तथा स्मॉल डी-पार्क से बिग डी-पार्क तक करीब 1.3 किलोमीटर सड़क को भी मॉडल रोड सूची में रखा गया है। इन दोनों सड़कों पर साइकिल ट्रैक, फुटपाथ, ड्रेन, साइड वर्ज, जंक्शन और ग्रीन एरिया को बेहतर किया जाएगा। दोनों परियोजनाएं फिलहाल सैद्धांतिक मंजूरी की प्रक्रिया में हैं।
हाजीपुर अंडरपास से एल्डेको क्रॉसिंग तक करीब 3 किलोमीटर सड़क के सुधार पर लगभग 35.21 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। इसका अनुमान अंतिम मंजूरी के लिए सीईओ को भेजा गया है। इसी तरह जेपी फ्लाईओवर से डीएससी रोड तक करीब 1.7 किलोमीटर सड़क के लिए 17.27 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। यह मार्ग सेक्टर-82, 104, 105, 108 और 110 को जोड़ता है। इस सड़क का अनुमान भी अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है।
एडोब क्रॉसिंग से अट्टा पीर क्रॉसिंग तक करीब 3.7 किलोमीटर लंबी पैरेलल रोड की री-सरफेसिंग के लिए एग्रीमेंट तैयार हो चुका है। इस काम पर करीब 13.52 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। इसके अलावा सेक्टर-79 टी-प्वाइंट से डीएससी रोड तक करीब 3.5 किलोमीटर सड़क के लिए लगभग 14.97 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। यह परियोजना अभी सैद्धांतिक मंजूरी की प्रक्रिया में है। Noida News :
नोएडा प्राधिकरण की योजना में सड़क की सतह सुधारने के साथ शहर के प्रमुख मार्गों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है। फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, ड्रेन और ग्रीन एरिया जैसे कार्य पूरे होने के बाद इन सड़कों का स्वरूप बदलने की उम्मीद है। करीब 263.77 करोड़ रुपये की इस योजना के पूरा होने के बाद नोएडा के कई प्रमुख मार्गों पर लोगों को बेहतर सड़क और आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। हालांकि अलग-अलग परियोजनाओं में टेंडर और मंजूरी की स्थिति के अनुसार काम आगे बढ़ेगा। Noida News :
विज्ञापन