
Noida News : हिंडन डूब क्षेत्र के सोरखा गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान राजस्व विभाग की टीम पर ईंट पत्थरों से हमला कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में थाना सेक्टर-113 पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव के बाद बड़ा बवाल हो गया था। टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम कल दोपहर में सोहरखा गांव के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण को हटाने तथा राजकीय भूमि की पैमाइश के लिए गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने टीम के वाहनों पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में एसडीएम दादरी की गाड़ी का शीशा टूट गया। उन्हें पुलिस ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। पथराव के दौरान अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ग्रामीणों की अधिकारियों के साथ काफी बहस भी हुई। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद समीर सिंह उर्फ दुर्गेश निवासी विशाल मेगामार्ट लेबर चौक के पास, दीपक विहार खोड़ा कालोनी, टिल्लू निवासी सैनी पब्लिक स्कूल के पास ग्राम सोहरखा, देशराज पुत्र रामपाल निवासी महरौली थाना बिलसी, जिला बदायूं, हाल पता सैनी पब्लिक स्कूल के पास तथा मंजर अंसारी पुत्र रियाजुल अंसारी निवासी सैनी पब्लिक स्कूल के पास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।