नोएडा में बड़ा एक्शन, एक साथ 400 से ज्यादा डॉक्टर पर गिरी गाज
भारत
चेतना मंच
24 Sep 2025 02:31 PM
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए 400 से अधिक डॉक्टरों की मेडिकल प्रैक्टिस पर रोक लगा दी है। ये सभी डॉक्टर देश के अन्य राज्यों से रजिस्टर्ड हैं लेकिन उन्होंने उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल (UPMC) में अब तक अपना पंजीकरण नहीं कराया था। विभाग का कहना है कि बिना UPMC की अनुमति के इलाज करना नियमों का उल्लंघन है और अब ऐसे डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। Noida News
बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही थी प्रैक्टिस
इन डॉक्टरों को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर UP मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन समय बीतने के बावजूद इन्होंने प्रक्रिया पूरी नहीं की। अब स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि बिना वैध रजिस्ट्रेशन के किसी भी डॉक्टर को इलाज की अनुमति नहीं दी जाएगी। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी ने बताया कि “उत्तर प्रदेश में बिना रजिस्ट्रेशन के इलाज करना अपराध की श्रेणी में आता है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
400 पर लगा बैन
गौतमबुद्ध नगर में करीब 2,000 से ज्यादा डॉक्टर प्रैक्टिस कर रहे हैं, जिनमें से लगभग 400 डॉक्टर दूसरे राज्यों से रजिस्टर्ड हैं। अब या तो ये डॉक्टर UPMC से रजिस्ट्रेशन कराएं या अपनी प्रैक्टिस बंद करें। जहां एक ओर विभाग डॉक्टरों पर शिकंजा कस रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 90 नई आशा वर्कर की भर्ती की जा रही है। अब जिले में कुल 680 आशा वर्कर काम करेंगी। दादरी में 50, दनकौर में 25, बिसरख में 9, जेवर में 6। ये आशा वर्कर टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों के पोषण जैसे जरूरी कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग का स्पष्ट संदेश है, "सेवा के साथ-साथ नियमों का पालन भी जरूरी है।" विभाग उम्मीद कर रहा है कि सभी डॉक्टर तय नियमों के तहत काम करेंगे और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करेंगे। Noida News