Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जमीन का फर्जीवाड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। जालसाजों ने एयरपोर्ट के पास दूसरों की जमीन के फर्जी पेपर दिखाकर उसे करोड़ों में बेचकर 24 करोड़ रुपए ठग लिए थे, जिन पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। अब रविवार को गैंग के अंतिम मास्टरमाइंट को ग्रेटर नोएडा वेस्ट जोन की थाना सेक्टर-63 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 20 महीने से फरार चल रहा था, जिसके पीछे पुलिस की टीम लगी हुई थी। अब पुलिस टीम को सफलता हांथ लगी है। इस मामले में कुल 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी अतह मोहम्मद अंतिम आरोपी है।
जालसाजों ने ऐसे हड़पे थे 24 करोड़ रुपए
पीड़ित गौरव शर्मा और उनके पार्टनर को ग्रेटर नोएडा एयरपोर्ट के पास जमीन की जरूरत थी। इसको लेकर उनकी मुलाकात गिरफ्तार मास्टर माइंड अतह मोहम्मद पुत्र अख्तर समेत उसके अन्य गुर्गों से हुई। उसने बताया कि वह उन्हें एयरपोर्ट के पास ही अरबों की जमीन को करोड़ों रुपयों में दिलवा देगा। पीड़ित जमीन देखने पर राजी हो गए। आरोपी एयरपोर्ट के पास पीड़ित को जमीन दिखाने भी लेकर गए। यहां पर पीड़ितों को जमीन पसंद भी आ गई। उन्होंने चंद ही जमीन का सौदा कर डाला और जालसाजों के खाते में 24 करोड़ रुपए ट्रांसफर भी कर दिए।
ऐसे खुला जमीन फर्जीबाड़े का राज
करोड़ों रुपए ट्रांसफर करने के बाद पीड़ित जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तो वहां पर पता चला कि यह जमीन किसी अन्य शख्स की है। जब पीड़ितों ने जमीन के पेपर चेक कराए, तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गए। पीड़ितों को जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि आरोपियों ने जिस जमीन को उन्हें बेचा है। उसके कागज फर्जी तरीके से तैयार कराए थे। इन्हीं कागजों को दिखाकर जालसाजों ने उन्हें अपने फर्जीबाड़े में फंसा लिया और उनसे करोड़ों रुपए खातों में ट्रांसफर करा लिए। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों से मिलकर पीड़ित ने मामले की शिकायत की। शिकायत के बाद करीब 16 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
फर्जीवाड़े दस्तावेजों से कर दी थी आरोपियों ने रजिस्ट्री
आरोपियों से पीड़ित गौरव शर्मा की 2022 में मुलाकात हुई थी। ग्रेटर नोएडा एयरपोर्ट के पास जालसाजों ने उन्हे जमीन दिखाई और फर्जी दस्तावेज दिखाकर रजिस्ट्री कर दी। जब वह जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तो पूरे जालसाजी का पता चला। आरोपी 24 करोड़ हड़प कर फरार हो गए। छह दिसंबर 2023 को पीड़ित ने इस मामले में थाना सेक्टर-63 में केस दर्ज कराया था। इसके बाद से पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 11 आरोपियों ने कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में नामजद के अलावा आठ और आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूर्व में जेल गए 10 आरोपी अभी तक जेल में हैं।
50 हजार के इनामी अब तक हो चुकी 22 गिरफ्तारियां
ग्रेटर नोएडा वेस्ट जोन के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर-63 पुलिस द्वारा मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना की सहायता से शनिवार देर रात 50 हजार के इनामी अतह मोहम्मद पुत्र अख्तर को थाना दनकौर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बबलूखेड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने सह आरोपियों के साथ आपराधिक षडयंत्र रचकर वादी व उसके साथियों के साथ धोखाधड़ी करते हुए जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जमीन दिखाकर उनके कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन विक्रय कर 24 करोड़ रुपए की धनराशि हड़प ली गई। इस मामले में 16 आरोपियों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज किया गया था, जबकि पुलिस की जांच में सात अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आये थे। 24 करोड़ की ठगी में कुल 22 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि एक आरोपी की मुकद्मा दर्ज होने से पहले ही मृत्यु हो चुकी है।