बुजुर्गों की कहावत है कि लालच बहुत बुरी बला है। लालच में आकर इंसान अपनी गाढ़ी कमाई तक को गंवा देता है। ऐसा ही एक मामला नोएडा के सलारपुर गांव में प्रकाश में आया है ,यहां रुपए दोगुने करने के लालच में एक दुकानदार ने अपनी मेहनत की कमाई के लाखों रुपए गंवा दिए। जालसाज रुपए दोगुना करने का झांसा देकर दुकानदार से 5,60000 रुपए लेकर चंपत हो गए। ठगे जाने पर दुकानदार ने थाना फेस-2 में दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। Noida Samachar
छोटे मुनाफे से बिछाई ठगी की बिसात
सलारपुर गांव में रहने वाले पुरुषोत्तम कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह गांव में ही परचून की दुकान चलाता है। उसकी दुकान पर अक्सर प्रकाश कुमार उर्फ सनी निवासी बक्सर बिहार व दल्लूपुरा दिल्ली निवासी सत्तार अंसारी आते थे। कुछ ही समय में उनके बीच अच्छी बातचीत होने लगी। इस दौरान दोनों ने उसे बताया कि वह कमीशन लेकर पैसे डबल करने का काम करते हैं। दोनों की बात पर विश्वास कर वह पड़ोस में रहने वाले प्रकाश उर्फ सनी के कमरे पर गया और उसे 500 रुपए दिए। दोनों ने कमीशन काटकर उसे पैसे डबल दे दिए। विश्वास होने पर उसने कुछ दिन बाद दोनों को 50 हजार रुपए डबल करने के लिए दिए। प्रकाश व सत्तार अंसारी ने अपने कमीशन के 10 हजार रुपए काटकर उसे 90 हजार रुपए लौटा दिए।
पुरुषोत्तम के मुताबिक इसके बाद प्रकाश उर्फ सनी व सत्तार अंसारी ने उसे ज्यादा पैसा डबल करने का लालच दिया। दोनों ने बताया कि ज्यादा पैसे डबल करने पर वह कमीशन के पैसे भी कम लेते हैं। बातों-बातों में दोनों ने उसे अपने विश्वास में ले लिया। पूर्व में डबल पैसे मिलने के कारण उसे भी दोनों पर पूरा विश्वास हो गया था। पुरुषोत्तम के मुताबिक उसने 16 जुलाई को प्रकाश उर्फ सनी व सत्तार अंसारी को अपने दोस्त सचिन के मकान पर बुलाया। यहां पर उसने दोनों को 5,60000 डबल करने के लिए दिए। दोनों ने उसके द्वारा दिए गए पैसों को तौलिया में रख लिया।
इस दौरान सचिन दोनों के लिए खाने-पीने का सामान लेने के लिए मार्केट गया हुआ था। पुरुषोत्तम के मुताबिक सत्तार अंसारी ने उसे पीने का पानी लेने के लिए भेज दिया जब वह पानी लेकर कमरे में आया तो दोनों नदारद थे। उसने दोनों की काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। दोनों को गायब पाकर उसने कई बार उनके मोबाइल नंबर पर कॉल की लेकिन वह नंबर स्विच ऑफ मिले। ठगे जाने का एहसास होने पर पुरुषोत्तम कुमार ने आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-2 में तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। Noida Samachar