
Aaj ka Samachar : चेतना मंच के सभी सुधी पाठकों को प्यारभरी गुड़ मॉर्निंग। शुभ बुधवार, आपका दिन मंगलमय हो, आप स्वस्थ रहे और मस्त रहे। चेतना मंच की इस खास पेशकश में हम आज की नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ताजा खबरों से अवगत कराएंगे। इन चुनिंदा 10 खबरों में हम आपको बताएंगे कि आज आपके लिए कौन सी खबर काम की रहने वाली है। इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा की राजनीतिक, सामाजिक और अपराधिक दृष्टि से महत्वपूर्ण खबरों पर भी हम यहां नजर डालेंगे।
नोएडा वालों के लिए एक काम खबर सामने आई है। यह काम की खबर नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की तरफ से आई है। एनएमआरसी एक ऐसी योजना तैयार कर रहा है कि नोएडा मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। एनएमआरसी मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन एप्लीकेशन पर काम कर रहा है और इसका प्रस्ताव एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर को भेज दिया गया है। इस योजना के तहत नोएडा मेट्रो में सफर करने वाले नोएडा के लोगों को नोएडा मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही उनके घर तक के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों को बस,ऑटो व ई-रिक्शा की सुविधा मिल सकेगी।
उत्तर भारत सहित दिल्ली एनसीआर में मंगलवार की दोपहर भूकंप के तेज झटकों ने एक बार फिर नोएडा व ग्रेटर नोएडा में रहने वालों की सांसों को थाम दिया। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 6.2 थी और इसका केंद्र भारत का पड़ोसी देश नेपाल था जहां भूकंप झटके इतने तेज थे कि वहां घर की दीवारें गिरने की तस्वीरें सामने आई है। नोएडा व ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लाखों लोगों के लिए भूकंप के झटके एक बड़ी तबाही के संकेत हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ऐसी किसी भी त्रासदी से निपटने के इंतजाम नहीं हैं।
दिल्ली एनसीआर के नोएडा व ग्रेटर नोएडा सहित अन्य कई बड़े शहर भूकंप के लिहाज से खतरनाक जोन माने वाले सिस्मिक जोन 4 में आते हैं। उत्तर प्रदेश के नोएडा व ग्रेटर नोएडा में वर्ष 2005 के बाद तेज रफ्तार से हाईराइज बिल्डिंगों का निर्माण शुरू हुआ। आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हजारों हाईराइज बिल्डिंग हैं, जहां लाखों लोग रह रहे हैं। कई हाईराइज बिल्डिंगे तो 25 फ्लोर तक बनी हुई हैं। पूरी खबर पढ़े
रजिस्ट्री और घरों के पजेशन को लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी आज भी दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। हर रविवार को एक मूर्ति चौराहे पर प्रदर्शन करने और मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है लेकिन अब जल्दी ही इनकी समस्याओं का निवारण होगा। आज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी समीक्षा बैठक के दौरान घर खरीददारों के विषय पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि घर खरीदारों के लिए वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर कोई ना कोई समाधान निकालेंगे।
मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में समीक्षा बैठक के दौरान नंद गोपाल नंदी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासियों ने अपने खून पसीने की कमाई से पैसे दिए हैं। किसी ने लोन पास कराया तो किसी ने अपनी जमा पूंजी को मालिकाना हक लेने के लिए गंवा दिया है। लेकिन अभी तक उन्हें मालिकाना हक नहीं मिला है। घर खरीदारों को मालिकाना हक दिलाने के लिए वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर घर खरीदारों को उनका वाजिब हक दिलाएंगे। पूरी खबर पढ़े
ग्रेटर नोएडा में विद्युत आपूर्ति का जिम्मा उठाने वाले नोएडा पॉवर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। एनपीसीएल ने अपने शेयर धारकों को वित्तीय वर्ष 2022 23 के लिए 60 प्रतिशत की दर से लाभांश देने की घोषणा की है, वहीं एनपीसीएल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को लाभांश का 8.84 करोड़ रुपये का चेक भी सौंपा है।
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की उपस्थिति ने एनपीसीएल के एमडी पीआर कुमार ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार को वित्तीय 2022 23 के लिए 8.84 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री ने एनपीसीएल के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि एनपीसीएल से प्राप्त लाभांश का उपयोग ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए किया जाएगा, जिससे ग्रेटर नोएडा के निवासियों की समस्याओं का निदान हो सकेगा। पूरी खबर पढ़े
एक बार फिर यूपी के बंटवारे की सियासत गरमा गई है। हाल में दिए गए केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के एक बयान पर सियासत गरमा गई है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की बात खुलकर कही है। रविवार को हुए अंतरराष्ट्रीय जाट संसद में बालियान ने कहा कि ‘पश्चिमी यूपी को अलग राज्य बनाना चाहिए। जिसकी मेरठ राजधानी होनी चाहिए। जिस दिन पश्चिमी यूपी अलग बन गया, उस दिन ये इस देश का सबसे अच्छा और सबसे समृद्ध प्रदेश हो जाएगा, ऐसा उन्होंने जाट संसद में कहा है। बालियान ने जाट बहुल इस क्षेत्र में यह बात बोलकर उन्हें लुभाने का प्रयास किया है लेकिन बालियान की इस बात का कुछ समर्थन कर रहे हैं तो कुछ विरोध में हैं। पूरी खबर पढ़े
नोएडा में कमजोर व आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को नि:शुल्क रिक्शा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की सिस्टर सैलीन द्वारा चलाई जा रही मुहिम को 18 वर्ष हो गए हैं। 18 वर्ष पूरे होने पर नोएडा के सेक्टर 17 स्थित भेल कॉलोनी के एसीसी कान्वेंट स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित रिक्शा चालकों के साथ सहभोज कर उन्हें उपहार वितरित किए गए।
इस मौके पर उपस्थित फादर मार्टिन ने सिस्टर सैलीन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी को सिस्टर सैलीन से प्रेरणा लेनी चाहिए। जिन्होंने जाति धर्म का भेदभाव किए बगैर जरूरतमंदों की मदद कर मिसाल पेश की है। वयोवृद्ध होने के बावजूद वह आज भी रिक्शा चालकों तथा उनके परिवारों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। पूरी खबर पढ़े
नोएडा के प्रतिष्ठित ‘क्लब-26’ चुनाव की तैयारी परवान पर है। जहां वर्तमान अध्यक्ष आर.के. खोसला पैैनल पहले से ही मौजूद है। वहीं अब उनके खिलाफ राजेन्द्र भाटी पैनल ने भी ताल ठोक दी है।
आपको बता दें कि नोएडा के क्लब-26 का चुनाव 8 अक्टूबर को होना तय हुआ है। एक तरफ आर.के. खोसला पैनल है तो वहीं दूसरी तरफ राजेंद्र भाटी पैनल ने अपनी ताल ठोक दी है। इस बाबत राजेंद्र भाटी बताते हैं कि क्लब में बहुत सारी गड़बडिय़ा चल रही हैं। जैसे 2005 में जब आर.के. खोसला क्लब के अध्यक्ष बने उस समय क्लब में एक करोड चार लाख रुपए थे, जबकि आज 2023 में केवल 52 लाख रुपए हैं। आर. के. खोसला इंटरनेशनल क्लब जैसी सुविधाओं की बात करते हैं, लेकिन क्लब में केवल नाममात्र की सुविधाएं हैं। क्लब में बाहरी लोगों को सदस्य बनाकर 1800 तक की संख्या पार कर रहे हैं, क्या वो 1800 सदस्यों को सुविधा दे सकते हैं। पूरी खबर पढ़े
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) ग्रेटर नोएडा ने ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के नियमों का पालन नहीं करने पर 10 कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। इन कंपनियों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 50-50 हजार का जुर्माना लगाया गया है। इन कंपनियों को ग्रैप के नियमों का पालन करने का नोटिस जारी किया है। मंगलवार को यूपीपीसीबी के अफसरों ने ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो के आरएमसी प्लांट पर कार्रवाई की। यूपीपीसीबी ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी देव कुमार गुप्ता ने बताया कि गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज के पास और इकोटेक-तीन के उद्योग केंद्र ब्लाॅक में सात आरएमसी प्लांट में ग्रैप के नियमों का उल्लंघन मिला।
नोएडा (गौतमबुद्धनगर जनपद) के गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय का प्रशासन इस समय खुशी से फुला नहीं समा रहा है। इस खुशी का कारण यूनिवर्सिटी में हुए छात्र छात्राओं के एडमिशन है। यूनिवर्सिटी के इस सत्र में रिकॉर्ड 2601 विद्यार्थियों के एडमिशन हुए हैं। इस विश्वविद्यालय के 10 से अधिक कोर्स ऐसे हैं, जिनमें सीटें फुल हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय के पिछले 15 वर्ष के इतिहास में सबसे अधिक स्टूडेंट्स के एडामिशन होने से यूनिवर्सिटी प्रशासन बेहद ही प्रसन्न नजर आ रहा है।
आपको बता दें गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में 2023-24 सत्र में कुल 17098 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। कुल 123 कोर्स में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया। 30 सितंबर तक 2601 विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है। पिछले वर्ष दाखिलों की संख्या से यह 410 अधिक है। सबसे अधिक बीटेक की 790 सीटों में लगभग 750 सीटों पर दाखिले हो गए हैं। बीटेक कंप्यूटर साइंस (120), आईटी (120) के अलावा पिछले दो वर्षों में शुरू हुई आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस (60), डाटा साइंस (60), मशीन लर्निंग (60) जैसी नई ब्रांच में सीटें फुल हो गई हैं।
क्रिकेट विश्व कप 2023 बस शुरू ही होने वाला है, इसकी काउंट डाउन जारी है। वनडे विश्व कप की शुरुआत 5 अक्तूबर को हो जाएगी। इस बार के विश्व कप में कई पुराने नियम दिखाई नहीं देंगे, जबकि कई नए नियम इस विश्व कप में लागू होंगे। इनमें पिछले विश्व कप फाइनल में निर्णायक भूमिका निभाने वाला बाउंड्री काउंट नियम भी शामिल है।
इस बार वर्ल्ड कप के लिए ICC ने नियमों में परिवर्तन करते हुए कई वेन्यू के पिच क्यूरेटरों के लिए एक ‘प्रोटोकॉल’ तैयार किया है। ICC ने पिचों पर ज्यादा घास रखने के लिए कहा है, साथ ही कहा कि बाउंड्री का साइज 70 मीटर से कम नहीं होना चाहिए, वो चाहें तो इससे ज्यादा कर सकते हैं। विश्व कप में ऐसा पहली बार किया गया है। पूरी खबर पढ़े