AAP Party: ‘आप’ ने यूपी में खेला बेरोजगार युवाओं का कार्ड
भारत
RP Raghuvanshi
16 Dec 2021 05:20 PM
नोएडा । उप्र के विधानसभा चुनाव(UP Legislative Election ) में युवाओं का समर्थन जुटाने के लिए दिल्ली(Delhi) के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह के साथ प्रेसवार्ता कर बड़ी घोषणा की। उन्होंने यूपी के लिए केजरीवाल की दूसरी गारंटी पेश करते हुए कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर हर साल 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देंगे। प्रदेश के बेरोजगारो को जब तक रोजगार नहीं उपलब्ध करा दिया जाएगा तब तक प्रतिमाह पांच हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता मुहैया कराया जाएगा। इस मौके पर सिसोदिया ने योगी सरकार पर युवाओं से वादा खिलाफी का आरोप लगाया और उसे पेपर लीक सरकार बताया।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, लोगों का योगी जी की सरकार से मोहभंग हो रहा है। योगी जी की सरकार जो 70 लाख रोजगार देकर उत्तर प्रदेश को नंबर वन बनाने का वादा करके आई थी, उसने उत्तर प्रदेश में युवाओं के साथ रोजगार के नाम पर बहुत ही बड़ा मजाक किया है।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि एक बहुत बड़ा ऐलान उत्तर प्रदेश के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से हुआ है और मनीष सिसोदिया जी ने किया है। मनीष ने बताया कि 34 लाख बेरोजगार एंप्लॉयमेंट एक्सचेंज में पंजीकृत हैं। उन सभी बेरोजगारों को रोजगार देने की ,यानी 10 लाख रोजगार प्रतिवर्ष, 5 साल में 5000000 रोजगार देने की योजना और दूसरा 5000 रूपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता सारे बेरोजगारों को देना पड़ा तो कुल मिलाकर 1700 करोड़ों रुपए प्रतिमाह का खर्चा है। 4 साल का 20400 करोड़ों रुपए खर्च आएगा। 550 लाख करोड़ के बजट से 20400 करोड रुपए निकालना कोई मुश्किल का काम नहीं है। और यह सपना आम आदमी पार्टी ही पूरा करके दिखाएगी।