अस्पताल के लिए निर्माण सामग्री न भेजने का आरोप, 35 लाख हड़पे
Noida Samachar
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:27 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:27 AM
नोएडा के थाना फेस-1 में एक अस्पताल के निदेशक ने बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। निदेशक का आरोप है कि बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई के लिए आरोपी ने उनसे 35 लाख रुपए एडवांस ले लिए और मटेरियल भी नहीं दिया। Noida Samachar
नोएडा के सेक्टर-15ए में रहने वाले डॉक्टर आदित्य अरोड़ा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह कस्तूरा मेडिकोज लिमिटेड के निदेशक हैं और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने हाल ही में गाजियाबाद स्थित एवी हॉस्पिटल का अधिग्रहण किया। वह इस अस्पताल का नवीनीकरण कराना चाह रहे थे। इसके लिए बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री की आवश्यकता थी। उनके सहयोगी दीपक और उत्सव ने उन्हें मैसर्स शुभम सीमेंट एजेंसी सूरजपुर ग्रेटर नोएडा के बारे में बताया और सप्लायर चंद्र बोस का मोबाइल नंबर दिया।
दीपक व उत्सव ने उनकी तरफ से चंद्र बोस से संपर्क किया और अस्पताल के नवीनीकरण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री का विवरण दिया। चंद्र बोस ने कहा कि निर्माण सामग्री के सौ प्रतिशत अग्रिम भुगतान पर ही वह 7 से 10 दिनों के बीच सामग्री की आपूर्ति कर पाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण सामग्री के लिए उन्होंने 3499251 रुपए का प्रोफार्मा चालान जारी किया। इसके लिए उन्होंने अपने बैंक से लोन भी लिया। इस धनराशि को उन्होंने शुभम एजेंसी के खाते में ट्रांसफर कर दिया। अग्रिम भुगतान होने के बावजूद भी चंद्र बोस ने निर्माण सामग्री की आपूर्ति निर्धारित समय के भीतर नहीं की।
उन्होंने चंद्र बोस से संपर्क किया तो उसने बताया की सामग्री खरीदने में अधिक समय लग रहा है और जैसे ही यह खरीद ली जाएगी वह इसकी आपूर्ति कर देगा। इसके बाद वह उन्हें किसी न किसी बहाने से टालता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी चंद्र बोस ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की आपूर्ति नहीं की। उन्होंने निर्माण सामग्री की एवज में दिए गए अपने 35 लाख रुपए वापस मांगे तो उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इस संबंध में उन्होंने कई बार उसे फोन किया लेकिन उसने फोन पिक नहीं किया। थाना प्रभारी ने बताया कि डॉक्टर आदित्य अरोड़ा की शिकायत पर सप्लायर चंद्र बोस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। Noida Samachar