
Noida News : उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर अब बस कहने मात्र के लिए ही हाईटेक सिटी रह गया है। नोएडा की सड़कों पर आवारा कुत्तों और आवारा पशुओं की भरमार है। एक माह पहले तक जहां नोएडा की सड़कों पर कुत्ते लोगों पर हमला बोल रहे थे, वहीं अब नोएडा की सड़कों पर घुम रहे सांड भी बेकाबू हो गए हैं। ऐसा ही एक मामला नोएडा के सेक्टर 115 से प्रकाश में आया है। यहां पर स्कूल से वापस लौट रही मां बेटी पर एक आवारा सांड ने हमला बोल दिया, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सोरखा गांव निवासी रितू अपनी बेटी अंशिका को श्रीमेमोरियल पब्लिक स्कूल से लेकर पैदल घर लौट रही थीं। घर से कुछ पहले लावारिस सांड ने दोनों पर हमला कर दिया। राहगीरों ने किसी तरह शोर मचाकर सांड को वहां से भगाकर दोनों की जान बचाई।
बच्ची के पिता राजेश मौर्य उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में सेक्टर-116 में ऑपरेटर हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजेश मौके पर पहुंचे। पत्नी और बेटी को तुरंत पास स्थित निजी अस्पताल ले गए। दोनों के हाथ, पैर व सिर में चोट आई है। डॉक्टर ने उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिजनों समेत गांव के लोगों ने प्राधिकरण और जिला प्रशासन से सड़कों पर घूमने वाले लावारिस जानवरों को पकड़ने की मांग की है।
13 अगस्त 2022 : ग्रेनो के अल्फा-1 सेक्टर निवासी जगदीश गुप्ता बच्चों को ट्यूशन छोड़ कर लौट रहे थे। सांड के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
7 सितंबर 2023: दनकौर के समसपुर में स्कूल से घर लौट रहे बच्ची को सांड ने पटक दिया था। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
12 अगस्त 2022 : नोएडा के सलारपुर में भाई को राखी बांधने जा रही आठ वर्षीय मासूम को सांड ने पटका।