
नोएडा शहर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 3 हजार फीट लम्बी तिरंगा यात्रा सबसे आकर्षण का केन्द्र रही। आपको बता दें कि 79वें स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर नव युवा ऊर्जा संस्था तथा हिंदू युवा वाहिनी के सौजन्य से नोएडा में 3000 फीट लंबी भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक यात्रा सुबह 10:00 बजे नोएडा स्टेडियम (गेट संख्या 4) से प्रारंभ होकर डीएम चौक व सेक्टर-18 से होते हुए निठारी सामुदायिक केंद्र पर दोपहर 1:30 बजे सम्पन्न हुई। यात्रा में नोएडा शहर की अनेक संस्थाओं, विद्यालयों के विद्यार्थी, समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।
बच्चों से लेकर युवाओं (लडक़े-लड़कियाँ सभी) ने बारिश की फुहारों के बीच तिरंगे को दोनों हाथों से ऊँचा उठाकर देशभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की। ढोल-नगाड़ों, डीजे तथा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ने पूरे आयोजन को और भी अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष टी. सी. गौड़, महासचिव राजीव अग्रवाल, महामंत्री भूषण शर्मा एवं पुष्कर शर्मा ने किया। पूरे आयोजन में नव युवा ऊर्जा संस्था की टीम तथा हिंदू युवा वाहिनी की टीम का विशेष योगदान रहा। इस अद्भुत दृश्य में हर ओर देशभक्ति का जज़्बा देखने को मिला ऊंची ऊंची रैलिंग्स पर चढक़र लोग वीडियो बना रहे थे और भारत माता की जय के जय कारे लगा रहे थे जिससे तिरंगे की शान को चार चाँद लग गए। Noida Samachar
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के अंतर्गत जेवर क्षेत्र में जनपद गौतमबुद्धनगर के प्रथम नवनिर्मित राजकीय कन्या महाविद्यालय में 15 अगस्त के सुअवसर पर प्रथम स्वतंत्रता दिवस उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने राजकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया। यह राजकीय कन्या महाविद्यालय लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है और अब इसे उच्च शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है तथा इसी शैक्षणिक सत्र से इसमें शिक्षण कार्य आरंभ होने की संभावना है। इस मौके पर जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि "आजादी के बाद पहली बार जेवर क्षेत्र की बेटियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह महाविद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"
इस क्षेत्र की बेटियाँ उच्च शिक्षा के लिए ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़ अथवा दिल्ली जैसे दूरस्थ स्थानों की ओर जाने को विवश थीं। अब यह राजकीय कन्या महाविद्यालय ग्रामीण परिवेश में भी बेटियों को उच्च शिक्षा प्रदान करेगा। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने आगे कहा कि "आज का दिन जेवर क्षेत्र की बच्चियों के लिए एक नए युग की शुरुआत है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी जेवर क्षेत्र में कोई राजकीय कन्या महाविद्यालय न होना बड़े शर्म की बात थी, लेकिन अब यह सपना साकार हुआ है। इस कन्या महाविद्यालय के बनने से न केवल हमारी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि यह महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।" इस मौके पर जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने राजकीय कन्या महाविद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर ग्राम जेवर, जेवर खादर, कानीगढ़ी, गोपालगढ़, गोविंदगढ़, झुप्पा, छातंगा, नीमका, चौरोली, रामपुर बांगर आदि ग्रामों के सैकड़ो लोग मौजूद रहे। इस मौके पर उप जिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह, विद्युत वितरण खंड जेवर के अधिशासी अभियंता तथा कोतवाली प्रभारी जेवर संजय कुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे। Noida Samachar
यमुना प्राधिकरण में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। अपने सम्बोधन में स्वतंत्रता को प्राप्त करने में की गई कुर्बानियो और इसके मायने के बारे में विस्तार से बताया.उन्होंने प्राधिकरण की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य के विकास की कार्य योजना भी बताई.इस अवसर पर विशेष कार्यधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने स्वतंत्रता की प्राप्ति के इतिहास की व्यापक जानकारी दी। 1757 के प्लासी युद्ध से लेकर, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम तक एवं 1857 से 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पडावों की जानकारी दी।
श्री भाटिया ने बताया की गत 75 सालों में भारत द्वारा स्वास्थ्य उपलब्धि, खाद्यान्न उपलब्धि, अंतरिक्ष विज्ञान में उपलब्धि, मानव विकास में उपलब्धि, निष्पक्ष चुनाव और सफल जनतंत्र की उपलब्धि, भारतीय सेना की उपलब्धि, कंप्यूटर और डिजिटल में उपलब्धि,भारतीयों की विदेशों में उपलब्धि आदि हमें गर्व करने का अवसर देते है। इन्होंने जेवर एयरपोर्ट की स्थापना से इस क्षेत्र में होने वाले आगामी विकास की भी चर्चा की साथ ही ईं एम् सी में लगनेवाले इलेक्ट्रॉनिक उद्योग और सेमीकंडक्टर यूनिट फोक्सकोन की चर्चा की। विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने स्वतंत्रता के इतिहास पर प्रकाश डाला। महाप्रबंधक वित्त अशोक कुमार सिंह ने मध्य कालीन इतिहास से लेकर आधुनिक इतिहास पर विस्तार से विचार रखे। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर राकेश कुमार सिंह व अन्य अधिकारिओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सम्मानित भी किया। Noida Samachar
चिल्ड्रन पार्क सेक्टर-51 में डीडी आरडब्ल्यू अध्यक्ष एनपी सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया और भारत के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया और श्रद्धांजलि दी गई जिनके त्याग और बलिदान के चलते भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली थी। एनपी सिंह अध्यक्ष (डीडी आरडब्लूए) द्वारा आजादी के महत्व के साथ-साथ नोएडा शहर की समस्याओं पर चर्चा करी और माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा कुत्तों की समस्या पर दिए गए आदेश का स्वागत किया और माननीय सर्वोच्च न्यायालय को धन्यवाद अदा किया कि आपके चलते ही दिल्ली नोएडा और एनसीआर में लोग शांतिपूर्ण जीवन जी पाएंगे कुत्तों की समस्या विश्व की सबसे बड़ी समस्याओं में शुमार है।
आपके चलते ही इस समस्या का समाधान होने जा रहा है। आज का दिन इनकी बहादुरी, वीरता और शौर्य को नमन करने का दिन था। इसी दिन के लिए देश के इन स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी को पाने के लिए हमने लंबा संघर्ष किया। इस मौके पर डीडी आरडब्लूए अध्यक्ष एनपी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार उपाध्यक्ष अनिल खन्ना, डीडीआरडब्लूए मैनेजिंग कमेटी के सभी मेंबर्स, सेक्टर 51 अध्यक्ष अनिल रन्होत्रा, उपाध्यक्ष पवन शर्मा सेक्टर 51 मैनेजिंग कमेटी की पूरी टीम और निवासी उपस्थित रहे। Noida Samachar
ग्रेटर नोएडा में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन नोएडा (गौतमबुद्धनगर) द्वारा बार सभागार में धूम धाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस समारोह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेन्द्र भाटी एडवोकेट जिला जज श्री मलखान सिंह तथा सचिव अजीत नागर द्वारा झंडा रोहन किया गया बार एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारा सभी शुभकामनायें दी तथा आह्वान किया कि देश की आजादी हुए बलिदानी को याद कर पूरी ईमानदारी निष्ठा से निर्भीक, होकर वादकारियों को समय पर न्याय दिलाने तथा समाज हित देश में बढ़ चढ कर हिस्सेदारी करें ताकि आने वाली पीढिय़ां हमसे प्रेरणा लें। Noida Samachar
एनसीआर की प्रतिष्ठित आवासीय सोसाइटी, एल्डिको आमंत्रण में स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति की अलख जगाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, रक्षा मंत्रालय के सेवानिवृत्त अधिकारी जसवंत सिंह तथा पीवीएनल के कार्यकारी अभियंता शिवम त्रिपाठी ने एमपी थिएटर में ध्वजारोहण किया। जबकि 130 मीटर ऊँचे तिरंगे के साथ स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन हुआ। बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। तिरंगा यात्रा रैली निकालने के साथ युवा वर्ग के लिए खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सुबह बैंड पर सुरक्षा प्लाटून की आकर्षक परेड निकाली गई।
सोसाइटी और नोएडा हाईराइज फेडरेशन अध्यक्ष, निखिल सिंघल ने कहा कि एल्डिको आमंत्रण एनसीआर की एकमात्र आवासीय सोसाइटी है, जहाँ 130 मीटर ऊँचा भारतीय तिरंगा लहराता है।आयोजन में ऋषि पुरवार, अनिरुद्ध गौड़, रुही, मोनिका, मोना, मानव, कमल, शुभम, एस्टेट मैनेजर के एस पुंधीर,सुरक्षा अधिकारी विपिन नागर और क्लब मैनेजर धीरज का विशेष योगदान रहा। Noida Samachar
आरडब्ल्यूए सैक्टर-19 द्वारा स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। झंडारोहण आरसी गुप्ता, आरडब्ल्यूए प्रेसिडेंट ने किया और लक्ष्मी नारायण महा सचिव ने आज के परिपेक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस के महत्व और स्वतंत्रता प्राप्ति में स्वतंत्रता सैनानियों व क्रांतिकारियों के महान योगदान की प्रशंसा की। इसके बाद 50 बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम किये। इस अवसर पर आर डब्ल्यू ए ने सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को सुंदर ट्राफी तथा मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र व ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव वीरेंद्र गुप्ता ने किया तथा कोषाध्यक्ष राम कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में 400 से अधिक निवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम व्यवस्था में आरडब्ल्यूए के राज कुमार चौहान, समीर सूर, दिनेश माहेश्वरी, एमएल प्रताप, जन सी वरुण, डी एस रावत, ऊर्वा दत्त शर्मा, बीएस चौहान आदि पदाधिकारियों ने योगदान दिया। Noida Samachar
गौर सौन्दर्यम सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों द्वारा ध्वजारोहण के बाद बच्चों ने गिद्धा व देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मटकी सजाने की प्रतियोगिता और विभिन्न खेलों में सभी निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉलंटियर्स अक्षय, सोनिया आहुजा म्रिग, रति, शालिनी, शीतल, मयंक के साथ अनुरुद्ध और एओए ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई। सोसाइटी के गार्ड्स व मेंटेनेंस टीम को उनकी सेवा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मिठाई वितरण और सामूहिक देशभक्ति गीतों के साथ संपन्न हुआ। Noida Samachar
आर्य नगर सेक्टर 73 विवेका नंद गली स्थित शुभम अप्पार्टमेन्ट परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर सभी निवासी एकत्र हुए। श्री सुभाष कंसल, जावेद जी व प्रवीण सक्सेना ने तिरंगा फहराया। निवासियों ने जन मन गण की पवित्र धुन पर तिरंगे को सलामी दी। रिमझिम बूंदों में भी महिलाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। राष्ट्र भक्ति के गीतों व भारत माता की जय के नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। छोटे छोटे बालको ने देशभक्ति गीत गाए व डांस किया। आरीबा ने देश भक्ति पर छोटी सी स्पीच दी।
अनन्या कौशिक के नृत्य की सभी ने भूरी भूरी प्रशंसा की। प्रवीण सक्सेना ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों से भाईचारा, एकता और स्वच्छता बनाए रखने पर बल दिया। कार्यक्रम आयोजित करने में प्रमुख भूमिका प्रवीन सक्सेना, सुमित, अंजू सक्सेना, मामुनी, सतीश शर्मा, ब्रिज, कपिल, आदि की रही। कार्यक्रम में वंदना, मोनिका,पूजा, हेमलता, मौसमी, जुनैद,शाहीन, राजीव, मनीष, गौरव, शाहनवाज, प्रियंका,श्रीपाल आदि की उपस्थिति रही।
Noida Samachar