एटीएम से रुपए निकालने वाले सावधान! पुलिस ने किया खुलासा
Noida News
भारत
चेतना मंच
22 Jul 2025 05:24 PM
Noida News: नोएडा में एटीएम से रुपए निकालने वाले लोगों को अब सावधान होने की जरूरत है। यदि एटीएम मशीन से आपके रुपए न निकलें, तो यह न समझ लें कि एटीएम मशीन की मिस्टेक है। यह मिस्टेक की नहीं, बल्कि एक गैंग के बदमाशों द्वारा की जाती थी और एटीएम में फाइबर प्लेट लगाकर उसमें फंसे रुपए आसानी से चुरा लेते थे। ऐसे ही गैंक के तीन बदमाशों को नोएडा की थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने पुलिस के सामने एटीएम में फंसाकर लोगों के रुपए निकालने की कहानी का खुलासा किया है।
इस तरह से लोगों के रुपए फंसाकर निकालते थे चोर
नोएडा जोन के डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि तीनों बदमाश एटीएम बूथों को टारगेट करके मास्टर चाबी से एटीएम में नीचे लगे गेट का ढक्कन खोल कर रुपए निकासी के स्थान पर फाइबर प्लेट लगा देते थे। जिसके बाद एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर रुपए निकालने के लिए आने वालों का इंतजार करते थे। जब कोई व्यक्ति एटीएम से रुपए निकालता था, तो उसका ट्रांजेक्शन तो पूरा हो जाता है, लेकिन फाइबर की प्लेट लगी होने के कारण रुपए एटीएम से बहार नही निकल पाते थे। पीड़ित को लगता था कि एटीएम में कुछ खराबी हो गई है, जिसके बाद वह परेशान होकर वहां से चला जाता था। इसी बीच बदमाश एटीएम बूथ के अंदर जाकर रुपए निकासी स्थान को मास्टर चाबी की मदद से ढक्कन खोल कर फंसे हुए रुपए निकाल कर फरार हो जाते थे।
डेढ़ माह से नोएडा में सक्रिय था गैंग, हजारों को बनाया निशाना
नोएडा में पिछले डेढ़ माह से यह गैंग सक्रिय था। जालसाज पहले ग्राम वाजिदपुर पीएनबी बैंक के पास लगे एसबीआई बैंक के एटीएम में फाइबर प्लेट लगाकर एटीएम से रूपयों की चोरी की थी। इसके अलावा भी नोएडा के कई स्थानों पर लगे एटीएम को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। कई मामलों में पीड़ितों ने बैंक के कस्टमर केयर पर शिकायत की। शुरुआती दौर में तो बैंक को कुछ भी पता नहीं चल रहा था। उनकी ओर से ट्रांजेक्शन हो जा रहा था। जब बैंक प्रबंधन की ओर से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया, तो पूरी घटना के बारे में पता चला। जिसके बाद बैंक प्रतिनिधि ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से सभी को धर दबोचा। आरोपियों ने हजारों लोगों के पैसों को हड़पा है।
इंस्टाग्राम पर रील देखकर शुरू किया काला कारनामा
नोएडा पुलिस को चोरों ने पूछताछ में बताया कि वह इंस्टाग्राम में अक्सर रील देखते थे, जहां पर उन्हें एक ऐसी रील देखने को मिली। जिसमें एक मास्टर की से एटीएम का लॉक खोलकर उसमें फाइबर लगाकर लोगों का पैसा रोकने का तरीका दिखाया गया। इस रील को एक चोर ने पहले देखी, फिर उसने अपने साथी को बताई। जिसके बाद तीनों ने अपराध करना शुरू किया था। आरोपी बारी-बारी से ऐसी एटीएम मशीनों की रेकी करते थे। जिनके नीचे का दरवाजा आसानी से खुल सके। जिसके बाद उसमें फाइबर लगाकर अपने ग्राहक का इंतजार करते थे।
आरोपियों की पहिचान -
1- रोहित डंग पुत्र बलदेव डंग निवासी पंचवटी कालोनी, खुर्जा, थाना खुर्जा, बुलन्दशहर वर्तमान पता सेक्टर-168 नोएडा, थाना एक्सप्रेस-वे नोएडा।
2- बीनस डंग पुत्र नन्द किशोर डंग निवासी पंचवटी कालोनी, खुर्जा, थाना खुर्जा, बुलन्दशहर वर्तमान पता मोती नगर, दिल्ली, उम्र-23 वर्ष।
3- वैभव बत्रा पुत्र तुलसी बत्रा निवासी ओल्ड आवास विकास कालोनी, थाना सदर, सहारनपुर वर्तमान पता सेक्टर-168 नोएडा, थाना एक्सप्रेस-वे।