
Noida News : नोएडा गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। महज़ 25 वर्ष की एक युवती ने मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही घटना की सूचना मिली, मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त (DCP) राम बदन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, “गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर एक युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे की जांच जारी है।” यह घटना ना केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि यह उन मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक दबावों की ओर इशारा करती है, जिनका सामना आज का युवा वर्ग कर रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इस तरह की घटना सामने आई है। पहले भी कई बार युवाओं और वयस्कों द्वारा मेट्रो स्टेशन या सार्वजनिक स्थलों पर आत्महत्या की घटनाएं रिपोर्ट की जा चुकी हैं। हाल ही में दिल्ली के साउथ वेस्ट जिले के डियर पार्क में एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटके पाए गए थे, जिसे आत्महत्या का मामला माना गया।
मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे अब भी समाज में गंभीरता से नहीं लिए जाते। विशेषज्ञों का मानना है कि जीवन की आपाधापी, प्रतिस्पर्धा और सामाजिक अपेक्षाओं के दबाव में लोग अपने भावनात्मक संघर्षों को दूसरों से साझा नहीं कर पाते, जिससे आत्मघाती कदम उठाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। Noida News :