इंदिरा मार्केट की ज्वेलरी शॉप से चोरी का बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:16 AM
नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने सेक्टर-27 में स्थित इंदिरा मार्केट के ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक चोर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चोरी किए गए लाखों रुपए मूल्य के सोने के आभूषण तमंचा कारतूस बरामद हुए हैं। ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। Noida Samachar
DCP यमुना प्रसाद ने दी घटना की जानकारी
DCP यमुना प्रसाद ने बताया कि ग्राम बरौला निवासी शिवा विश्वास की अट्टा गांव की इंदिरा मार्केट में आरके ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। 6, 7 अगस्त की रात्रि को एक चोर खिडक़ी तोड़कर दुकान में घुस गया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से सोने की तीन चन, दो मंगलसूत्र, 18 जोड़ी बाली, 7 डायमंड रिंग व 8 सोने के रिंग चोरी कर ले गया था। शिवा विश्वास की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। पीडि़त ने पुलिस को एक CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराई। DCP ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस बीती रात्रि गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि आरके ज्वैलर्स में चोरी की घटना को सुंदर नाम के व्यक्ति ने अंजाम दिया है। सुंदर चोरी के सामान के साथ सेक्टर-27 के तिकोनिया पार्क के पास बने शौचालय के पास खड़ा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर सुंदर को दबोच लिया। तलाशी में सुंदर के पास से तमंचा, कारतूस व ज्वेलरी शॉप से चोरी की गई 14 सोने की अंगूठियां, 14 जोड़ी सोने के कान की बालियां, तीन सोने की चेन, दो सोने के काले मोती लगे मंगलसूत्र बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से करीब 16 लाख रुपए मूल्य की जूलरी बरामद हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई पर ज्वेलरी शॉप मलिक व अन्य दुकानदारों ने आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की है। Noida Samachar