
Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जनपद में स्थित प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए यह बड़ी खबर है। प्राइमरी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले गरीब तबके के बच्चे भी अब अपना जन्म दिन धूमधाम से मना सकेंगे। प्रदेश की योगी सरकार ने प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का जन्म दिन अब सरकार द्वारा मनाया जाएगा। इसके साथ ही प्राइमरी स्कूलों के शिक्षक घर घर जाकर बच्चों के अभिभावकों से भी संवाद स्थापित करेंगे।
आपको बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जनपद में स्थित परिषदीय स्कूलों में अधिकांश गरीब तबके के बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। इन बच्चों का उत्साह वर्धन करने और आत्मविश्वास जाग्रत करने के उद्देश्य से हर महीने के अंत में बच्चे का जन्म दिन मनाया जाएगा। इसके अलावा प्राइमरी स्कूलों के शिक्षक बच्चों के घर जाकर न केवल अभिभावकों से संवाद स्थापित करेंगे, बल्कि बच्चे की शैक्षिक प्रगति की जानकारी भी अभिभावकों को देंगे।
सब जानते हैं कि किसी ना किसी वजह से प्राइमरी स्कूलों में आने वाले बच्चे बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते हैं। प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार करने तथा गैर हाजिर रहने वाले बच्चों में स्कूल के प्रति ललक बढ़ाने के लिए यूपी के शिक्षा विभाग ने कदम उठाया है कि अब हर महीने के अंत में बच्चे का जन्म दिन मनाया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मत है कि इस नई पहल से छात्र स्कूल और शिक्षकों के साथ ज्यादा सहज हो सकेंगे। इसका प्रभाव उनकी शिक्षण गुणवत्ता पर पड़ेगा। जब शिक्षक छात्र के घर पहुंचेंगे तो वह छात्र के विषय में विस्तार से अभिभावकों को बता सकेंगे। स्कूल और छात्र का परिवार नजदीक आएगा। इससे छात्रों की स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। अगर कोई छात्र स्कूल से गैर हाजिर चल रहा है तो इसका कारण पता लग सकेगा। महीने में एक बार शिक्षकों और अभिभावकों की संयुक्त बैठक भी होगी। तीन महीने में एक बार शिक्षा चौपाल का आयोजन भी कराया जाएगा। पढ़ने में पीछे चल रहे छात्रों का शैक्षिक स्तर सुधारने में भी यह कदम मदद करेंगे। अन्य गैर शिक्षण गतिविधियां, खेल, भ्रमण आदि चलते रहेंगे।