नोएडा के सैकड़ों लोगों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, अब घंटों का सफर तय होगा मिनटों में
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 05:32 PM
Noida News : नोएडा वासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बताया जा रहा है कि, जल्द ही बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक पहुंचने में सिर्फ कुछ मिनट ही लगेंगे। अभी तक दिल्ली से ब्लू या मजेंटा लाइन से आने वाले यात्रियों को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर उतरकर पैदल या ई-रिक्शा से सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन तक पहुंचना पड़ता था फिर वहां से अपनी मंजिल की ओर बढ़ते थे। अब, बॉटेनिकल गार्डन से सीधे सेक्टर-142 तक मेट्रो सेवा मिलने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
अंतिम मंजूरी मिलने के बाद प्रोजेक्ट किया जाएगा शुरू
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने बताया कि अगले तीन महीनों में बॉटेनिकल गार्डन और सेक्टर-142 के बीच 11.56 किलोमीटर लंबी मेट्रो लिंक पर निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद शुरू किया जाएगा। इस नए मेट्रो रूट पर कुल आठ स्टेशन बनेंगे और इसका अनुमानित खर्च करीब 2254 करोड़ रुपये होगा। इससे ना सिर्फ नोएडा और दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों को सहूलियत होगी, बल्कि ग्रेटर नोएडा से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी भी आसान हो जाएगी।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
एनएमआरसी अगले महीने सर्वेक्षण पूरा कर काम शुरू करने की तैयारी कर रहा है। नोएडा मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, इस लिंक के निर्माण से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोग दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से सीधे जुड़ जाएंगे, जो खासकर इंदिरा गांधी हवाई अड्डे तक जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगा।
केन्द्र सरकार को भेजी गई रिपोर्ट
इसके अलावा, एनएमआरसी के पास एक और प्रोजेक्ट है, जो सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नॉलेज पार्क-5 तक 5 किलोमीटर लंबा लिंक होगा। दोनों प्रोजेक्ट्स के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दी गई है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकेश एम ने कहा, "हम इस प्रोजेक्ट पर प्राथमिकता से काम शुरू करना चाहते हैं ताकि ग्रेटर नोएडा और नोएडा हवाई अड्डे तक सीधे कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके।" Noida News