विज्ञापन
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-110, नोएडा में दो दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

Noida News : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-110, नोएडा में दो दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। 13 और 14 जून को आयोजित इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। अस्पताल परिसर स्थित ब्लड सेंटर में आयोजित शिविर में डॉक्टरों, अस्पताल कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान करने पहुंचे लोगों ने न केवल अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई बल्कि दूसरों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया।
Noida News
अस्पताल प्रशासन के अनुसार रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। वर्तमान समय में दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नियमित रक्तदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
Noida News
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित हेल्थ टॉक में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ सलाहकार (आंतरिक चिकित्सा) डॉ. पल्लव मिश्रा ने रक्तदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम भी है। स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे शरीर पर किसी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। डॉ. मिश्रा ने कहा कि समाज में आज भी रक्तदान को लेकर कई तरह की गलतफहमियां और भ्रांतियां मौजूद हैं। लोगों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर जागरूक करने की आवश्यकता है ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
Noida News
विशेषज्ञों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं, बड़ी सर्जरी, कैंसर उपचार, थैलेसीमिया, रक्त संबंधी बीमारियों और कई अन्य गंभीर चिकित्सीय परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता लगातार बनी रहती है। ऐसे मरीजों के लिए नियमित रक्तदाता किसी जीवनरक्षक से कम नहीं होते। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर रक्तदान करें और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
Noida News
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का अस्पताल प्रशासन ने आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों, चिकित्सा टीम और कर्मचारियों की भी सराहना की गई। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को मानवीय सेवा से जोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
Noida News
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर यथार्थ अस्पताल ने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। अस्पताल की ओर से संदेश दिया गया कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। "रक्तदान महादान है" की भावना को आगे बढ़ाते हुए अस्पताल ने लोगों से समाजहित में इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। रक्तदान केवल एक चिकित्सा आवश्यकता नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का ऐसा माध्यम है, जो किसी अनजान व्यक्ति को जीवन का दूसरा अवसर दे सकता है।
Noida News

विज्ञापन