बीएमडब्ल्यू ने स्कूटी सवार तीन को उड़ाया, बच्ची की मौत, दो घायल
Noida News
नोएडा
चेतना मंच
27 Jul 2025 11:09 PM
Noida News: नोएडा में एक बार फिर बीएमडब्ल्यू का कहर सामने आया है। रांग साइड से आ रही स्कूटी में बीएमडब्ल्यू कार के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची उछलकर बीएमडब्ल्यू कार के शीशे में टकराकर दूर जा गिरी, जबकि स्कूटी सवार दो अन्य लोग भी टक्कर लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस ने बच्ची समेत सभी को पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। नोएडा पुलिस ने बीएमडल्यू को कब्जे में लेकर चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा में रात 12 बजे हुए बीएमडब्ल्यू कांड
नोएडा के सेक्टर-31 स्थित निठारी के रहने वाले गुल मोहम्मद की पांच वर्षीय बेटी आयत की तबियत शनिवार देर रात करीब 11 बजे खराब हो गई। वह अपने जीजा राजा अंसारी के साथ स्कूटी पर सवार होकर बच्ची को चाइल्ड पीजीआई के इमरजेंसी में दिखाने के लिए गए थे। वहां पर एक घंटे तक बच्ची का इलाज चला। इस दौरान बच्ची को काफी राहत मिल गई। डॉक्टरों ने कहा कि वह अभी बच्ची को अपने साथ लेकर जा सकते हैं। यदि फिर उसे दिक्कत होती है, तो तत्काल इमरजेंसी में आकर दिखाएं। बच्ची की तबियत सही होने पर वह करीब 12.15 बजे बच्ची को लेकर निठारी जा रहे थे। चूंकि स्कूटी में सवार सभी रांग साइड थे। ऐसे में सामने से आ रही बीएमडब्ल्यू चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसमें सभी लोग जख्मी हो गए। तीनों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बर्थडे पार्टी से आ रहे थे बीएमडब्ल्यू सवार
बताया जा रहा है कि बीएमडब्ल्यू सवार यश शर्मा निवासी सेक्टर-37 और अभिषेक रावत निवासी सेक्टर-70 नोएडा के सेक्टर-31 स्थित निठारी के एक होटल में चल रही बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। जहां पर देर रात तक पार्टी चली। पार्टी में शराब का सेवन भी किया गया था। करीब 12.15 बजे बीएमडब्ल्यू सवार दोनों युवक अपने-अपने घर के लिए निकले थे। अभी बीएमडब्ल्यू निठारी से जिला अस्पताल की ओर जा रही थी, तभी निठारी के सामने ही गलत दिशा में आ रही स्कूटी में दोनों की कार टकरा गई। चूंकि बीएमडब्ल्यू सवार दोनों युवक नशे थे। ऐसे में स्कूटी में जोर दार टक्कर हुई। जिससे वह कार अनियंत्रित हो गई। वह साइड में डिबाइडर से भी टकरा गई। इसमें बीमडब्ल्यू कार भी क्षतिगृस्त हो गई।
बीएमडब्ल्यू सवार दोनों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले बच्ची समेत तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर बच्ची को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं नोएडा पुलिस की एक टीम ने बीएमडब्ल्यू सवार यश शर्मा निवासी सेक्टर-37 और अभिषेक रावत निवासी सेक्टर-70 नोएडा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी कार डीलिंग का काम करते थे। उन्होंने बीएमडब्ल्यू कार को आॅनर से बिचवाने के लिए अपने पास खड़ी की थी। चूंकि रात में पार्टी थी, ऐसे में वह बीएमडब्ल्यू कार से पार्टी में शामिल होने चले गए।