
Noida News (चेतना मंच)। ऑफिस के दोस्तों के साथ चाय की टपरी पर केक काट रही युवती के दोस्तों पर एकतरफा प्यार में पागल युवक ने रॉड से हमला कर दिया। युवक ने युवती के दो दोस्तों का रॉड से सिर फोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। युवती की शिकायत पर थाना फेस 1 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
श्रीनिवास पुरी नई दिल्ली निवासी रंजना (काल्पनिक नाम) ने बताया कि वह सेक्टर-3 की एक निजी कंपनी में काम करती है। बीते दिनों वह अपने ऑफिस के बाहर मुकेश की चाय की टपरी पर अपने दोस्तों के साथ गई थी। इस दौरान वहां मयंक नेहरा नामक युवक अपने दोस्त के साथ चाय पीने पहुंचा। रंजना के मुताबिक नेहरा उसे काफी देर तक घूरता रहा और इसके बाद वह शाम के समय पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया। बीते 18 नवंबर को वह फिर चाय की टपरी पर आया और उसे घूरने लगा।
रंजना के मुताबिक उसने मयंक नेहरा से उसका पीछा न करने की बात कही। जिस पर वह चिढ़ गया और उसे देख लेने की धमकी दी। रंजना के अनुसार 21 नवंबर को वह अपने दोस्तों के साथ चाय की टपरी पर रोहित के साथ केक काट रही थी। इस दौरान मयंक वहां अपने दोस्तों के साथ पहुंच गया मयंक ने लोहे की रॉड से रोहित और सचित्र के ऊपर हमला बोल दिया। इस घटना में रोहित को काफी चोटें आई। घटना को अंजाम देने के बाद मयंक नेहरा अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया जांच चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में एक तरफा प्यार का मामला प्रकाश में आ रहा है।